प्रयागराज में रेलवे की 100 करोड़ की जमीन से हटाया गया अतिक्रमण, गऊघाट इलाके में चला बुलडोजर

प्रयागराज में रेलवे प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया है। नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के प्रयागराज मंडल ने गऊघाट क्षेत्र में रेलवे भूमि पर बने अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाकर लगभग 6500 वर्ग मीटर जमीन खाली कराई। अधिकारियों के मुताबिक कब्जामुक्त कराई गई इस भूमि की अनुमानित कीमत करीब 100 करोड़ रुपये है।

डीआरएम के नेतृत्व में चला अभियान

रेलवे भूमि पर अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई डीआरएम प्रयागराज मंडल रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व में की गई। अभियान को अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार ने जिला प्रशासन के सहयोग से संपन्न कराया।

इस दौरान रेलवे, रेलवे सुरक्षा बल और सिविल प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरे अभियान को अंजाम दिया गया।

रेलवे और पुलिस के कई अधिकारी रहे मौजूद

अतिक्रमण हटाओ अभियान में रेलवे इंजीनियरिंग विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। इनमें मंडल इंजीनियर (एस्टेट) वी.के. त्रिपाठी, सहायक मंडल इंजीनियर प्रवीन कुमार श्रीवास्तव और रामचंद्र सिंह, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता शशिकांत तिवारी और सत्य प्रकाश समेत करीब 20 कर्मचारी मौजूद रहे।

रेलवे सुरक्षा बल की ओर से सहायक सुरक्षा आयुक्त सुरेश यादव और प्रभारी निरीक्षक अमित मीणा अपनी टीम के साथ मौके पर तैनात रहे।

वहीं जिला प्रशासन और सिविल पुलिस की ओर से एसीपी अतरसुइया निकिता श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार राजेश कुमार यादव समेत कई थाना क्षेत्रों की पुलिस फोर्स भी अभियान में शामिल रही। कार्रवाई के दौरान लगभग 60 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।

संभल में भी एएसआई भूमि पर चला बुलडोजर

इससे पहले उत्तर प्रदेश के संभल जिले में भी कथित तौर पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की संरक्षित भूमि पर बने अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई की गई थी।

कैला देवी क्षेत्र के सौंधन मोहम्मदपुर गांव में एएसआई की भूमि पर बने दो मकानों को ध्वस्त किया गया। प्रशासन के अनुसार करीब साढ़े पांच बीघा भूमि में फैले किले की जमीन पर अवैध कब्जा कर कई लोगों ने मकान बना लिए थे।

लेखपाल नीरज कुमार ने बताया कि लगभग 30 से 32 लोगों द्वारा अवैध निर्माण किए गए हैं। प्रशासन ने अन्य कब्जाधारियों को भी जल्द अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं।

Related posts