बॉलीवुड की लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘वेलकम’ को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। निर्माता फिरोज नाडियाडवाला ने साफ कर दिया है कि इस सीरीज की चौथी फिल्म ‘वेलकम 4’ पर आधिकारिक तौर पर काम शुरू हो चुका है। अभी दर्शक अक्षय कुमार की आने वाली फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ का इंतजार कर रहे हैं, इसी बीच चौथे भाग की घोषणा ने फैंस का उत्साह और बढ़ा दिया है। लंबे समय से दर्शक मजनू भाई, उदय भाई और डॉक्टर घुंघरू जैसे किरदारों को फिर से बड़े पर्दे पर देखने की उम्मीद लगाए हुए थे।
वैश्विक संगीत और बड़े पैमाने का एक्शन
निर्माता के मुताबिक ‘वेलकम 4’ को सिर्फ कॉमेडी फिल्म के रूप में नहीं बल्कि बड़े पैमाने पर बनाई जाने वाली मनोरंजक फिल्म के रूप में तैयार किया जा रहा है। इस बार फिल्म का कैनवास पहले से कहीं ज्यादा बड़ा होगा। फिल्म की खासियत इसका ग्लोबल म्यूजिक होगा, जिसमें चीन, मिडिल ईस्ट, अफ्रीका और अमेरिका के संगीत का मिश्रण देखने को मिलेगा।
संगीत के साथ फिल्म में एक्शन का स्तर भी काफी बढ़ाया जाएगा। निर्माता का कहना है कि फिल्म की स्क्रिप्ट लगभग अंतिम चरण में है और टीम ऐसी फिल्म बनाने की तैयारी में है जो तकनीक और मनोरंजन के मामले में पिछली सभी फिल्मों से आगे होगी।
कहानी में होंगे कई खतरनाक विलेन
फिल्म के चौथे भाग में कहानी को और ज्यादा रोमांचक बनाया जा रहा है। आमतौर पर फिल्मों में एक ही मुख्य खलनायक होता है, लेकिन इस बार कहानी में कई खतरनाक विलेन नजर आएंगे।
निर्माता के अनुसार जब उदय भाई, मजनू भाई और डॉक्टर घुंघरू जैसे मशहूर किरदार एक साथ कई डॉन्स से भिड़ेंगे तो पर्दे पर जबरदस्त कॉमिक और एक्शन माहौल बनेगा। उनका कहना है कि इन किरदारों की कॉमिक टाइमिंग और खतरनाक परिस्थितियों का मेल दर्शकों के लिए बड़ा मनोरंजन लेकर आएगा।
‘वेलकम टू द जंगल’ को लेकर भी स्थिति साफ
अक्षय कुमार की फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ की रिलीज को लेकर चल रही देरी की चर्चाओं पर भी निर्माता ने स्पष्टता दी है। उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और पोस्ट प्रोडक्शन का काम तेजी से चल रहा है।
यह फिल्म निर्देशक अहमद खान के निर्देशन में बनी है और इसमें कई बड़े कलाकार नजर आएंगे। ‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत निर्देशक अनीस बज्मी के निर्देशन में हुई थी और समय के साथ यह हिंदी सिनेमा की सबसे लोकप्रिय कॉमेडी सीरीज में शामिल हो चुकी है। अक्षय कुमार की वापसी और लगातार दो फिल्मों की तैयारी से यह तय माना जा रहा है कि आने वाले समय में दर्शकों को बड़े पर्दे पर हंसी का जबरदस्त डोज मिलने वाला है।
