होली पर युवक की हत्या से मचा बवाल: शिखर धवन बोले— मानवता को इस स्तर तक कभी नहीं गिरना चाहिए

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन हुए युवक की हत्या के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस घटना को लेकर सियासी और सामाजिक संगठनों की प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी बीच भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और कहा है कि इतनी छोटी बात पर किसी की जान जाना बेहद दुखद और चिंताजनक है।

बताया जा रहा है कि होली के दौरान पानी के गुब्बारे के छींटों को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि युवक तरुण खटीक की घेरकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

शिखर धवन ने जताया दुख

क्रिकेटर शिखर धवन ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस घटना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि उत्तम नगर में तरुण कुमार की दुखद मौत से उन्हें गहरा दुख हुआ है। उन्होंने कहा कि यह बेहद हृदयविदारक है कि होली जैसे त्योहार के दौरान एक बच्चे द्वारा पानी का गुब्बारा फेंकने जैसी मामूली बात हिंसा में बदल गई।

धवन ने अपने संदेश में कहा कि मानवता को इस स्तर तक कभी नहीं गिरना चाहिए। उन्होंने पीड़ित परिवार के लिए प्रार्थना करते हुए उम्मीद जताई कि इस मामले में दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी।

मामले में 14 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। जांच के दौरान सायरा नाम की उस महिला को भी गिरफ्तार किया गया है, जिस पर पानी के छींटे पड़ने के बाद विवाद शुरू हुआ था।

पुलिस का कहना है कि दोनों परिवार एक-दूसरे को करीब 50 वर्षों से जानते थे। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

बड़े आंदोलन की चेतावनी

इस घटना के विरोध में विश्व हिंदू परिषद और अन्य संगठनों ने बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी है। संगठन के कार्यकर्ता पीड़ित तरुण के परिवार से मिलने पहुंचे और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।

वहीं नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के घर के अवैध हिस्से पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया है।

इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा

घटना के बाद उत्तम नगर इलाके में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। एहतियात के तौर पर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

पुलिस सोशल मीडिया पर भी नजर बनाए हुए है, क्योंकि इस मामले को लेकर कई तरह की पोस्ट और प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों और भड़काऊ संदेशों से दूर रहने की अपील की है।

Related posts