नई दिल्ली: साल 2026 में होली का त्योहार जहां रंग और उमंग लेकर आ रहा है, वहीं स्कूलों की छुट्टियों को लेकर अभिभावकों और छात्रों के बीच असमंजस भी बना हुआ है। कई जगह सवाल है कि छुट्टी 3 मार्च को होगी या 4 मार्च को। कुछ राज्यों में आधिकारिक कैलेंडर और स्थानीय परंपराओं में अंतर के कारण स्थिति और उलझी हुई है। आइए जानते हैं अलग-अलग राज्यों में क्या है ताजा स्थिति।
उत्तर प्रदेश: लगातार चार दिन का ब्रेक
उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली के मौके पर तीन दिन की छुट्टी का ऐलान किया है। राज्य सरकार के आदेश के अनुसार 2, 3 और 4 मार्च को सरकारी अवकाश रहेगा। चूंकि 1 मार्च रविवार है, ऐसे में रविवार से बुधवार तक लगातार चार दिन स्कूल बंद रहेंगे।
राज्य के शैक्षणिक कैलेंडर के मुताबिक 1 मार्च (रविवार), 2 मार्च (होलिका दहन) और 4 मार्च (होली) पहले से अवकाश घोषित थे। अब 3 मार्च (मंगलवार) को भी छुट्टी घोषित कर दी गई है।
बिहार: दो दिन की छुट्टी की संभावना
बिहार में आमतौर पर होली पर दो दिन की छुट्टी रहती है। इस बार 3 और 4 मार्च को स्कूल बंद रहने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि कुछ स्कूल 2 मार्च को भी अवकाश दे सकते हैं। अंतिम निर्णय संबंधित स्कूल प्रबंधन पर निर्भर करेगा।
दिल्ली-NCR: ज्यादातर प्राइवेट स्कूलों में 3-4 मार्च अवकाश
नई दिल्ली और NCR क्षेत्र में अधिकांश प्राइवेट स्कूलों ने 3 और 4 मार्च को छुट्टी घोषित की है। हालांकि नोएडा के कई स्कूलों में परीक्षाएं चल रही हैं, जिससे वहां शेड्यूल में थोड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। कुल मिलाकर सोमवार से बुधवार तक अवकाश की स्थिति बन रही है।
राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में भी बंद रहेंगे स्कूल
राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में होली पर स्कूल बंद रहेंगे। अधिकतर स्कूलों में सोमवार से बुधवार तक छुट्टी रहने की संभावना है, जबकि कुछ संस्थानों में केवल मंगलवार और बुधवार को अवकाश रहेगा। हरियाणा और पंजाब में 4 मार्च को गजटेड हॉलिडे घोषित किया गया है।
इन राज्यों में 3-4 मार्च को मनाई जाएगी होली
गुजरात, महाराष्ट्र, ओडिशा, छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय और जम्मू और कश्मीर समेत कई राज्यों में 3 और 4 मार्च को होली मनाई जाएगी। ऐसे में इन राज्यों में भी संबंधित तारीखों पर स्कूल बंद रहेंगे।
कुल मिलाकर होली 2026 पर अलग-अलग राज्यों में छुट्टियों को लेकर स्थिति भिन्न है। अभिभावकों और छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे अपने स्कूल से आधिकारिक सूचना की पुष्टि जरूर कर लें।
