थाईलैंड में 3 भारतीय पर्यटकों का अपहरण! दुबई में बैठे पाकिस्तानी के इशारे पर 5 भारतीय गिरफ्तार, करोड़ों की फिरौती की साजिश का खुलासा

नई दिल्ली: थाईलैंड में तीन भारतीय नागरिकों के कथित अपहरण और फिरौती मांगने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। थाई पुलिस ने पांच भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है, जिन पर आरोप है कि उन्होंने दुबई में बैठे एक पाकिस्तानी नागरिक के निर्देश पर इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने तीनों भारतीयों की रिहाई के बदले उनके परिवारों से भारी फिरौती की मांग की थी।

होटल से भागने की कोशिश के दौरान दबोचे गए आरोपी

पुलिस के अनुसार, पांचों आरोपियों को मंगलवार को बैंकॉक के क्लोंग तान इलाके के एक होटल से गिरफ्तार किया गया। जांच एजेंसियों का कहना है कि सभी आरोपी विदेश भागने की तैयारी में थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवतार सिंह, जगजीत सिंह, रामबालक कुमार, सुखबीर सिंह और कुलरा सिंह के रूप में हुई है।

दुबई में बैठे पाकिस्तानी के निर्देश पर रची गई साजिश

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें एक पाकिस्तानी नागरिक ने तीन भारतीय पर्यटकों का अपहरण करने का निर्देश दिया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कथित साजिशकर्ता का ठिकाना दुबई में है। आरोपी पिछले करीब एक महीने से एक चैट एप्लिकेशन के माध्यम से उसके संपर्क में थे।

क्रिप्टोकरेंसी में फिरौती लेने की थी योजना

जांच के मुताबिक, अपहरण की साजिश का उद्देश्य फिरौती वसूलना था। आरोप है कि प्रत्येक पीड़ित के परिवार से करीब 40 लाख रुपये की मांग की गई। पुलिस का कहना है कि फिरौती की रकम क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से लेने की योजना बनाई गई थी, ताकि लेनदेन का पता लगाना मुश्किल हो सके।

वारदात के बदले कैश, कीमती सामान और टिकट का लालच

जांच में यह भी सामने आया कि कथित पाकिस्तानी साजिशकर्ता ने आरोपियों को वारदात के बाद थाईलैंड छोड़ने के लिए नकद राशि, कीमती सामान और हवाई टिकट देने का वादा किया था।

भारतीय दूतावास की सूचना के बाद शुरू हुई कार्रवाई

मामले की जांच तब शुरू हुई, जब पीड़ितों के परिजनों की शिकायत के बाद थाईलैंड स्थित भारतीय दूतावास ने 21 जुलाई को स्थानीय आव्रजन पुलिस और पटाया सिटी पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने खुफिया जानकारी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज की।

पटाया में छापेमारी कर तीनों भारतीयों को सकुशल बचाया

पुलिस ने पटाया स्थित एक दो मंजिला इमारत पर छापा मारकर तीनों भारतीय नागरिकों को सुरक्षित मुक्त करा लिया। उनकी पहचान 23 वर्षीय मोहित, 24 वर्षीय आशीष और 20 वर्षीय हिमांशु के रूप में हुई है। सभी को सुरक्षित निकालने के बाद आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

 

Related posts