भारतीय मूल के कैप्टन स्मित मच्छार को UAE का सर्वोच्च सम्मान, राष्ट्रपति ने गले लगाकर पहनाया ‘ऑर्डर ऑफ जायेद II’

अबू धाबी: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने पायलट कैप्टन स्मित मच्छार और उनकी विमान टीम को बड़े सम्मान से नवाजा है। यात्रियों की जान बचाने और संकट के समय अदम्य साहस दिखाने के लिए उन्हें प्रथम श्रेणी के ‘ऑर्डर ऑफ जायेद II’ सम्मान से सम्मानित किया गया। यह यूएई के प्रमुख नागरिक सम्मानों में शामिल है। यह सम्मान 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में हुई गंभीर घटना के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिया गया है।

राष्ट्रपति ने की चालक दल के साहस और सूझबूझ की सराहना

यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम की मौजूदगी में विमान के चालक दल के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने संकट की घड़ी में यात्रियों की सुरक्षा और विमान को सुरक्षित रखने के लिए चालक दल की बहादुरी और पेशेवर दक्षता की प्रशंसा की।

राष्ट्रपति ने कहा कि लोगों की सुरक्षा यूएई की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। वहीं, सम्मान प्राप्त करने वाले चालक दल के सदस्यों ने राष्ट्रपति का आभार जताते हुए इसे अपनी सेवा, समर्पण और जिम्मेदारी की पहचान बताया।

रक्षा मंत्री ने भी किया चालक दल को सम्मानित

इस समारोह में यूएई के उपप्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने भी विमान के चालक दल के सदस्यों को सम्मान प्रदान किया। उन्होंने घटना के दौरान उनके साहस, जिम्मेदारी और सूझबूझ की सराहना की।

कार्यक्रम में राष्ट्रपति न्यायालय के विकास एवं शहीद नायकों के मामलों के उपाध्यक्ष शेख थियाब बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और दुबई एयरपोर्ट्स तथा एमिरेट्स एयरलाइन एवं समूह के अध्यक्ष शेख अहमद बिन सईद अल मकतूम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

सह-पायलट ने किया था हमला, विमान को सऊदी अरब में उतारकर बचाई जान

यह पूरा मामला 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 से जुड़ा है। उड़ान के दौरान कैप्टन स्मित मच्छार पर उनके सह-पायलट ने हमला कर दिया था। अचानक हुई इस घटना से विमान में गंभीर स्थिति पैदा हो गई।

हालांकि, चालक दल के अन्य सदस्यों, विमान में मौजूद एक दूसरे पायलट और यात्रियों ने हस्तक्षेप कर हालात को संभालने में मदद की। इसके बाद पायलटों ने दोबारा विमान पर नियंत्रण हासिल किया और उसे तेल अवीव ले जाने के बजाय सऊदी अरब के तबुक की ओर मोड़ दिया। विमान की वहां सुरक्षित लैंडिंग कराई गई और यात्रियों की जान बच गई।

तेल अवीव एयरपोर्ट पर हमले की थी योजना

घटना के बाद यूएई की ओर से की गई जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि सह-पायलट की कथित योजना विमान पर कब्जा करने और तेल अवीव हवाई अड्डे पर हमला करने की थी। ऐसे गंभीर संकट के बीच कैप्टन स्मित मच्छार और उनकी टीम ने जिस सूझबूझ और साहस का परिचय दिया, उसी के लिए उन्हें यूएई के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान से नवाजा गया है।

Related posts