नई दिल्ली: नेटफ्लिक्स की मौजूदा ट्रेंडिंग फिल्मों की सूची में इस समय अलग-अलग भाषाओं की फिल्मों का दबदबा देखने को मिल रहा है। 14 सितंबर को भारत में सबसे ज्यादा देखी जा रही टॉप 10 फिल्मों में तमिल, तेलुगू और हिंदी सिनेमा की कई फिल्में शामिल हैं। इस सूची में सूर्या की तमिल फिल्म ‘विश्वनाथ एंड सन’ ने सबसे ज्यादा चर्चा बटोरी है। फिल्म ने अजय देवगन, रितेश देशमुख और अरशद वारसी की ‘धमाल 4’ को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है।
नंबर-1 पर सूर्या की ‘विश्वनाथ एंड सन’
नेटफ्लिक्स की ट्रेंडिंग सूची में ‘विश्वनाथ एंड सन’ पहले पायदान पर है। फिल्म में सूर्या ने रईस कारोबारी संजय विश्वनाथ का किरदार निभाया है। कहानी में संजय की मां उस पर वंश आगे बढ़ाने के लिए शादी करने का दबाव डालती हैं। हालांकि, संजय शादी करने के बजाय सरोगेसी के जरिए पिता बनने का फैसला करता है। इसके बाद कहानी इसी घटनाक्रम के इर्द-गिर्द आगे बढ़ती है।
दूसरे नंबर पर ‘धमाल 4’
अजय देवगन, रितेश देशमुख और अरशद वारसी की ‘धमाल 4’ नेटफ्लिक्स की सूची में दूसरे स्थान पर है। फिल्म की कहानी एक छिपे हुए खजाने की तलाश के इर्द-गिर्द घूमती है। सिनेमाघरों में रिलीज के बाद अब ओटीटी पर भी फिल्म को दर्शकों का अच्छा ध्यान मिल रहा है।
तीसरे स्थान पर ‘जीडीएन’
तीसरे नंबर पर ‘जीडीएन’ मौजूद है, जो आविष्कारक और उद्योगपति जीडी नायडु के जीवन से प्रेरित फिल्म है। इसमें आर माधवन ने मुख्य भूमिका निभाई है। फिल्म की कहानी जीडी नायडु के जीवन और उनके काम पर आधारित है और यह फिलहाल दर्शकों के बीच चर्चा में बनी हुई है।
चौथे नंबर पर तापसी पन्नू की ‘गांधारी’
तापसी पन्नू की ‘गांधारी’ नेटफ्लिक्स की ट्रेंडिंग सूची में चौथे स्थान पर है। फिल्म की कहानी एक मां के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी बच्ची लापता हो जाती है। अपनी बेटी को तलाशने के लिए वह बाकी चीजों को पीछे छोड़ देती है। ओटीटी पर रिलीज होने के बाद फिल्म को दर्शकों की ओर से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।
पांचवें से सातवें नंबर तक इन फिल्मों का कब्जा
तेलुगू फिल्म ‘कोरियन कनकराजू’ पांचवें स्थान पर है। इसकी कहानी ऐसे व्यक्ति की है, जिसके अंदर एक कोरियन डॉन की आत्मा प्रवेश कर जाती है।
छठे पायदान पर आलिया भट्ट और शरवरी की ‘एल्फा’ है। बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर पाने के बावजूद फिल्म ओटीटी पर दर्शकों का ध्यान खींच रही है। इसकी कहानी एक ऐसी लड़की पर आधारित है, जिसे बचपन से देश विरोधी गतिविधियों की ट्रेनिंग दी गई है।
वहीं, शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन की ‘कॉकटेल 2’ सातवें स्थान पर है। यह तीन किरदारों के बीच बने प्रेम त्रिकोण की कहानी है, जिसमें तीनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं। सिनेमाघरों के बाद अब ओटीटी पर भी फिल्म दर्शकों के बीच अपनी जगह बनाए हुए है।
आठवें से दसवें नंबर पर ये फिल्में
तेलुगू फिल्म ‘न्यूटन का तीसरा नियम’ आठवें स्थान पर है। फिल्म की कहानी 90 के दशक में हुए डबल मर्डर और उससे जुड़े रहस्य के इर्द-गिर्द बुनी गई है।
नौवें नंबर पर ‘प्यार प्रेमा कल्याणम’ है। फिल्म में एक जोड़े की कहानी दिखाई गई है। शादी के बाद लड़की मायका छोड़कर विदा होने से बचने के लिए वहां से भाग जाती है। इसके बाद लड़का घर जमाई बनकर रहने लगता है।
वहीं, ‘गट्टा कुश्ती 2’ नेटफ्लिक्स की टॉप 10 सूची में दसवें पायदान पर है। फिल्म की कहानी एक पहलवान पत्नी और घर पर रहने वाले पति के इर्द-गिर्द घूमती है।
इस तरह नेटफ्लिक्स की मौजूदा टॉप 10 सूची में हिंदी के साथ तमिल और तेलुगू फिल्मों ने भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। अलग-अलग भाषाओं और शैलियों की ये फिल्में फिलहाल दर्शकों का ध्यान खींच रही हैं।
