डिलीवरी ऐप्स में काम करने वाले राइडर्स की कमाई को लेकर अक्सर लोग अलग-अलग अनुमान लगाते रहते हैं। लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने इस चर्चा को और तेज कर दिया है। वीडियो में एक डिलीवरी राइडर अपनी साप्ताहिक कमाई दिखाता नजर आ रहा है, जिसे देखकर इंटरनेट यूजर्स हैरान भी हैं और मजेदार प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं। कई लोग तो कमेंट कर यह तक कह रहे हैं कि अगर इतनी कमाई है तो उन्हें भी ऐसी नौकरी चाहिए।
वायरल वीडियो में राइडर लंबी बात करने की बजाय सीधे अपना फोन दिखाता है, जिसमें उसकी अलग-अलग हफ्तों की कमाई के स्क्रीनशॉट नजर आते हैं। यही स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहे हैं और वीडियो तेजी से वायरल हो गया है।
हर हफ्ते 12 हजार से ज्यादा कमाई
वीडियो में दिखाई गई साप्ताहिक कमाई के आंकड़े लोगों को चौंका रहे हैं। अलग-अलग हफ्तों के स्क्रीनशॉट में राइडर की कमाई हर बार 12 हजार रुपये से ज्यादा दिखाई दे रही है। वीडियो में दिखाए गए आंकड़ों के मुताबिक 15 से 21 दिसंबर के बीच उसने 12,288 रुपये कमाए। इसके बाद 22 से 28 दिसंबर के हफ्ते में उसकी कमाई 14,275 रुपये रही।
वहीं 5 से 11 जनवरी के बीच राइडर ने 17,109 रुपये कमाए, जो औसतन रोज करीब 2,444 रुपये के आसपास बैठता है। इसके अलावा 9 से 15 फरवरी के दौरान उसकी कमाई 15,890 रुपये दिखाई गई है। इन आंकड़ों से साफ है कि उसकी साप्ताहिक कमाई लगातार 12 हजार रुपये से ऊपर बनी हुई है, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया है।
असम का रहने वाला, बेंगलुरु में करता है काम
वीडियो में दिखाई दे रहा राइडर अपनी प्रोफाइल के मुताबिक असम का रहने वाला बताया गया है और फिलहाल बेंगलुरु में डिलीवरी का काम करता है। जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर हुआ, लोगों ने इस पर तेजी से प्रतिक्रिया देना शुरू कर दिया।
कई यूजर्स उसकी कमाई देखकर हैरान नजर आए। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि भाई मेरे स्टोर पर इतने पैसे नहीं मिलते, तुम कैसे कर लेते हो? वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा कि यह तो अच्छा करियर विकल्प लग रहा है।
मजेदार कमेंट्स भी आए सामने
वीडियो पर कुछ यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में भी प्रतिक्रिया दी। एक यूजर ने लिखा कि 17 हजार रुपये हफ्ते के? भाई यह तो लगभग किसी बड़े कॉलेज के टॉप इंजीनियरिंग पैकेज जैसा लग रहा है। इस तरह के मजेदार कमेंट्स के बीच वीडियो लगातार वायरल हो रहा है और लोग डिलीवरी जॉब की कमाई को लेकर चर्चा कर रहे हैं।
