महिला दिवस 2026: जमीनी स्तर पर बदलाव ला रहीं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का लखनऊ में सम्मान

लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर जमीनी स्तर पर बच्चों और परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मैरिको लिमिटेड के निहार शांति पाठशाला फनवाला (एनएसपीएफ) प्रोग्राम और सेसमी वर्कशॉप इंडिया के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के हुज़ूरपुर ब्लॉक की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही महिलाओं के प्रयासों को सम्मान देना और उनके अनुभवों को साझा करना था।

प्रारंभिक शिक्षा की मजबूत नींव तैयार करने में अहम भूमिका

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भारत की प्रारंभिक बाल्यावस्था व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। छोटे बच्चों और उनके परिवारों के साथ लगातार संपर्क में रहने के कारण वे मूलभूत साक्षरता और संख्यात्मकता को मजबूत करने के साथ-साथ बच्चों की आगे की शिक्षा की मजबूत नींव तैयार करने में अहम योगदान देती हैं। इसी योगदान को रेखांकित करते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के अनुभवों और प्रेरणादायक कार्यों को सामने लाया गया।

बहराइच की महिलाओं को वरिष्ठ अधिकारियों से संवाद का अवसर

कार्यक्रम के दौरान बहराइच के ग्रामीण क्षेत्रों से आई आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को उत्तर प्रदेश की महिला एवं बाल विकास विभाग की एडिशनल चीफ सेक्रेटरी लीना जोहरी से सीधे संवाद करने का अवसर मिला। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर आने वाली चुनौतियों और अपने अनुभव साझा किए। यह साझेदारी बहराइच जिले के 100 आंगनवाड़ी केंद्रों में प्रारंभिक सीखने के परिणामों को बेहतर बनाने के उद्देश्य से काम कर रही है।

कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि रहे मौजूद

इस आयोजन में आईसीडीएस उत्तर प्रदेश के डेप्युटी डायरेक्टर सेराज अहमद, हुज़ूरपुर के सीडीपीओ विमल सिंह, सेसमी वर्कशॉप इंडिया ट्रस्ट की मैनेजिंग ट्रस्टी सोनाली खान और मैरिको लिमिटेड के सीएसआर मैनेजर सत्या नायडू सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में कुल 50 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, 4 महिला सुपरवाइज़र और 3 सरकारी अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

प्रेरणादायक कहानियां, सम्मान समारोह और स्वास्थ्य जांच शिविर

कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से जुड़ी प्रेरणादायक कहानियों को साझा किया गया। इसके अलावा प्रतिभा प्रदर्शन, सम्मान समारोह और स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य उन महिलाओं के समर्पण और मेहनत को सम्मान देना था, जो रोजाना अपने काम के माध्यम से समुदायों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

Related posts