चेन्नई: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से जुड़ी अटकलों को विराम देते हुए सुपरस्टार और तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के अध्यक्ष विजय ने आज साफ कर दिया कि उनकी पार्टी आगामी चुनावों में किसी गठबंधन का हिस्सा नहीं बनेगी। पार्टी की ओर से आयोजित इफ्तार पार्टी में विजय ने एनडीए और अन्य राजनीतिक गठबंधनों से जुड़ी सभी अफवाहों को खारिज करते हुए यह स्पष्ट किया कि TVK पूरी तरह से स्वतंत्र होकर चुनाव लड़ेगी।
“हम सिर्फ जनता की टीम हैं”
विजय ने अपने परिचित अंदाज में विरोधियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कई लोग अफवाहें फैला रहे हैं कि उनकी पार्टी किसी गठबंधन में शामिल होगी, लेकिन अब जनता को साफ हो गया है कि TVK सिर्फ जनता की टीम है। उन्होंने मंच से कहा कि इन झूठी अफवाहों का कोई आधार नहीं है और पार्टी किसी भी गठबंधन में शामिल नहीं होगी।
धर्म निरपेक्षता और सामाजिक न्याय पर कोई समझौता नहीं
विजय ने जोर देते हुए कहा कि पार्टी धर्म निरपेक्षता और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों से किसी भी हालत में समझौता नहीं करेगी। उन्होंने मंच से कहा, “एक बार फिर मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि हमारा नेतृत्व ही शासन करेगा और हम इस बात पर अडिग हैं।”
एनडीए में शामिल होने की अफवाहें तेज हुई थीं
पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि विजय की पार्टी TVK एनडीए गठबंधन में शामिल हो सकती है। लेकिन आज विजय ने यह साफ किया कि पार्टी की विचारधारा और नेतृत्व पूरी तरह स्वतंत्र रहेगा। उनका यह बयान स्पष्ट रूप से संकेत करता है कि TVK तमिलनाडु में डीएमके और एआईएडीएमके के बीच एक तीसरे विकल्प के रूप में उभरना चाह रही है, जो क्षेत्रीय और राष्ट्रीय दोनों दलों के लिए चुनौती बन सकता है।
