UP-Bihar में चढ़ा पारा, Delhi में 30°C तक पहुंचेगा तापमान; MP के 20 जिलों में आंधी-बारिश और ओले, जानिए 25 फरवरी का पूरा Weather Update

देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। यूपी-बिहार समेत मैदानी राज्यों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जबकि पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ स्थित पंचाचूली समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों से हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 27 और 28 फरवरी से एक बार फिर पहाड़ी जिलों में मौसम करवट ले सकता है और बारिश के आसार बन रहे हैं। ऐसे में 25 फरवरी को देशभर में मौसम कैसा रहेगा, आइए जानते हैं ताजा अपडेट।

दिल्ली में 30 डिग्री तक जाएगा पारा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन के समय तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे मौसम अपेक्षाकृत साफ और खुला महसूस होगा। पूरे दिन आसमान साफ रहने की संभावना जताई गई है।

यूपी में साफ आसमान, बिहार में बढ़ा तापमान

उत्तर प्रदेश में फिलहाल मौसम पूरी तरह शांत है। प्रदेश में आज भी किसी तरह की बारिश, आंधी या चेतावनी जारी नहीं की गई है और आसमान साफ रहने का पूर्वानुमान है। वहीं बिहार के कई जिलों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो संकेत दे रहा है कि आने वाले दिनों में गर्मी धीरे-धीरे अपने तेवर दिखा सकती है।

मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश के बाद आज राहत

मध्य प्रदेश में पिछले दो दिनों के दौरान 20 से ज्यादा जिलों में तेज आंधी और बारिश का दौर देखने को मिला। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है, हालांकि मार्च की शुरुआत में फिर से बारिश हो सकती है।

महाराष्ट्र में अभी राहत, मार्च से बढ़ेगी गर्मी

महाराष्ट्र में अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद आने वाले पांच दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। फिलहाल मौसम सामान्य बना रहेगा, लेकिन मार्च की शुरुआत तक दिन में गर्मी का असर बढ़ सकता है।

पंजाब और ओडिशा में घने कोहरे की चेतावनी

पंजाब के कुछ इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। विजिबिलिटी कम रहने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। हाईवे पर सफर करने वालों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में भी घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी है और सुबह ड्राइविंग के दौरान विशेष सतर्कता की जरूरत बताई गई है।

दक्षिण भारत और अंडमान-निकोबार में बारिश के आसार

विदर्भ, केरल, आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु में आज बारिश और तेज हवाओं का प्रभाव दिख सकता है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं छत्तीसगढ़ में भी 26 फरवरी तक मौसम सक्रिय बना रह सकता है।

Related posts