नई दिल्ली। अमेरिका ने भारत पर लगाए गए टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने की घोषणा करते ही घरेलू शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली। मंगलवार की सुबह बीएसई सेंसेक्स 4.48% यानी 3656.74 अंकों की उछाल के साथ 85,323.20 पर खुला, जबकि निफ्टी 50 में 4.86% की बंपर बढ़त दर्ज हुई और यह 26,308.05 अंकों पर खुला। सुबह 11.28 बजे तक सेंसेक्स 84,074.24 पर 2.95% की बढ़त और निफ्टी 25,819.10 पर 2.91% की तेजी के साथ कारोबार कर रहा था।
अडाणी एंटरप्राइज़ेस के शेयर में सबसे ज्यादा तेजी
सुबह 11.25 बजे तक अडाणी एंटरप्राइज़ेस के शेयर में 10.76 प्रतिशत की सबसे बड़ी तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयर 7.62%, अडाणी पोर्ट्स 7.36%, बजाज फाइनेंस 5.73%, श्रीराम फाइनेंस 5.11%, इंडिगो 5.15%, बजाज फिनसर्व 4.77%, एटरनल 4.51%, मैक्स हेल्थ 4.31%, डॉ. रेड्डी 4.22%, रिलायंस इंडस्ट्रीज 4.19% और सन फार्मा के शेयर 4.00% बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
सेंसेक्स और निफ्टी 50 में अधिकांश कंपनियों के शेयर हरे निशान में
आज की शुरुआत में सेंसेक्स की सभी 30 कंपनियों के शेयर हरे निशान में रहे। वहीं, निफ्टी 50 की 50 कंपनियों में से 49 कंपनियों के शेयर तेजी के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, केवल नेस्ले इंडिया 0.79% की गिरावट के साथ लाल निशान में था। वित्त वर्ष 2026 के पहले बजट सत्र के दिन यानी 1 फरवरी को शेयर बाजार में आई विनाशकारी गिरावट के बाद यह तेजी निवेशकों के लिए राहत की खबर है।
