नई दिल्ली: रिकॉर्ड स्तरों से मुनाफावसूली के दबाव में हाल के दिनों में सोने और चांदी के वायदा भाव में तेज गिरावट देखने को मिली थी, लेकिन अब निचले स्तरों पर मजबूत खरीदारी लौटने से दोनों की कीमतों में जोरदार रिकवरी दर्ज की जा रही है। आज 4 फरवरी को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोना-चांदी मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत करते नजर आए।
घरेलू वायदा बाजार में सोना-चांदी की तेज शुरुआत
आज घरेलू वायदा बाजार में सोने और चांदी दोनों में जोरदार उछाल देखा गया। खबर लिखे जाने तक सोना 5,701 रुपये की तेजी के साथ 1,59,510 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी के भाव में 14,435 रुपये का जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया और यह 2,82,450 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी लौटी मजबूती
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी की कीमतों में तेजी का रुख बना हुआ है। हालिया मुनाफावसूली के चलते दोनों धातुएं जिन निचले स्तरों तक फिसल गई थीं, वहां से अब मजबूत रिकवरी देखने को मिल रही है।
कॉमेक्स पर सोने की चाल
कॉमेक्स पर सोने का वायदा भाव आज 4,966.10 डॉलर प्रति औंस पर खुला था, जबकि पिछला क्लोजिंग प्राइस 4,935 डॉलर प्रति औंस रहा था। खबर लिखे जाने के समय सोना 127.50 डॉलर की गिरावट के साथ 5,062.50 डॉलर प्रति औंस के भाव पर कारोबार कर रहा था। इस साल अब तक सोने ने 5,586.20 डॉलर प्रति औंस का सर्वोच्च स्तर भी छू लिया है।
चांदी ने भी दिखाई मजबूती
कॉमेक्स पर चांदी के वायदा भाव 84.91 डॉलर प्रति औंस पर खुले थे, जबकि पिछला क्लोजिंग प्राइस 83.30 डॉलर प्रति औंस था। खबर लिखे जाने तक चांदी 3.37 डॉलर की तेजी के साथ 86.67 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। इस महीने चांदी 121.79 डॉलर प्रति औंस का उच्चतम स्तर भी छू चुकी है।
