आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में नींद और उससे जुड़ी आदतें लगातार बिगड़ती जा रही हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, सिर्फ नींद की कमी ही नहीं बल्कि गलत पोज़ीशन में सोना भी शरीर के लिए बेहद नुकसानदायक साबित हो सकता है। सोने का तरीका सीधे तौर पर पाचन, सांस और रीढ़ की हड्डी पर असर डालता है, जिससे कई गंभीर समस्याएं जन्म ले सकती हैं।
गलत पोज़ीशन से बढ़ती हैं ये समस्याएं
डॉक्टरों के अनुसार, दायीं करवट सोने से कई लोगों में एसिडिटी, कब्ज और दिल में जलन की समस्या बढ़ सकती है। वहीं पेट के बल सोने से रीढ़ की हड्डी का संतुलन बिगड़ जाता है, जिससे कमर और गर्दन दर्द की शिकायत हो सकती है।
सीधे पीठ के बल सोने से कुछ मामलों में स्लीप एप्निया का खतरा बढ़ जाता है। इस स्थिति में गुरुत्वाकर्षण के कारण जीभ पीछे की ओर खिसकती है, जिससे सांस की नली ब्लॉक हो सकती है और खर्राटे आने लगते हैं।
इसके अलावा, स्टारफिश पोज़ीशन में सोने से हाथ लंबे समय तक सिर के ऊपर रहने के कारण नसों पर दबाव पड़ता है, जिससे कंधों में जकड़न और दर्द हो सकता है। वहीं फीटल पोज़ीशन में सोना लंबे समय तक जारी रहने पर तनाव और चिंता को बढ़ा सकता है।
कम नींद भी बन रही बड़ी समस्या
देश में बड़ी आबादी पर्याप्त नींद नहीं ले पा रही है। आंकड़ों के अनुसार, 70 करोड़ से ज्यादा लोग रोजाना 6 घंटे की जरूरी नींद भी पूरी नहीं कर पाते। करीब 23% लोग सिर्फ 4 से 5 घंटे की नींद लेते हैं, जबकि केवल 8% लोग ही 8 से 10 घंटे की पूरी नींद ले पाते हैं।
नींद की कमी का असर सिर्फ थकान तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह मेमोरी, निर्णय क्षमता और भावनात्मक संतुलन को भी प्रभावित करता है। इसके अलावा हाई ब्लड प्रेशर, हृदय रोग और मेटाबॉलिक समस्याओं का खतरा भी बढ़ जाता है।
अच्छी नींद के लिए अपनाएं ये आसान उपाय
स्वस्थ जीवनशैली और सही दिनचर्या अपनाकर नींद की गुणवत्ता में सुधार किया जा सकता है। इसके लिए ताजा और हल्का भोजन करना जरूरी है, जबकि तले-भुने खाने से दूरी बनानी चाहिए। पर्याप्त मात्रा में पानी पीना और रोजाना व्यायाम करना भी गहरी नींद के लिए फायदेमंद माना गया है।
पाचन तंत्र को बेहतर बनाने के लिए जीरा, धनिया, सौंफ, मेथी और अजवाइन को रात में पानी में भिगोकर सुबह खाली पेट पीना लाभकारी बताया गया है। इसे नियमित रूप से अपनाने से नींद की समस्या में सुधार देखा जा सकता है।
इम्यूनिटी और हार्ट हेल्थ का भी रखें ध्यान
अच्छी नींद के लिए शरीर का स्वस्थ होना भी जरूरी है। इसके लिए रोजाना धूप में बैठना, विटामिन-सी युक्त फल और हरी सब्जियां खाना फायदेमंद है। रात में हल्दी वाला दूध पीना और योग करना भी लाभकारी होता है।
दिल को मजबूत बनाए रखने के लिए अर्जुन की छाल, दालचीनी और तुलसी का काढ़ा पीने की सलाह दी जाती है। वहीं हाइपरटेंशन से बचाव के लिए समय पर भोजन करना, तनाव कम रखना और जंक फूड से दूरी बनाना जरूरी है।
