रुपौली (पूर्णिया)। टीकापटी थाना क्षेत्र के बैरिया गांव के युवक संगम कुमार ने भारतीय सेना की स्पेशल फोर्स में पैरा कमांडो बनकर अपने गांव और जिले का नाम रोशन किया है। बताया जा रहा है कि पूर्णिया जिले से इस मुकाम तक पहुंचने वाले वह पहले युवक हैं। 11 महीने की कठिन ट्रेनिंग पूरी करने के बाद जब संगम अपने गांव लौटे तो पूरे इलाके में जश्न का माहौल बन गया। उनके स्वागत के लिए हजारों लोग सड़कों से लेकर घरों की छतों तक उमड़ पड़े। खुले वाहन में फूलों की मालाएं पहने जब वह गांव की गलियों से गुजरे तो चारों ओर ‘भारत माता की जय’ के नारे गूंज उठे। गाजा-बाजा के साथ ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया।
मंदिर में माथा टेककर लिया आशीर्वाद
गांव पहुंचने के बाद संगम सबसे पहले सपाहा गांव स्थित प्रसिद्ध महाकाली मंदिर गए, जहां उन्होंने माता के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। इसके बाद गांव में उनके सम्मान में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि संगम बचपन से ही सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करना चाहते थे और इसी लक्ष्य को लेकर उन्होंने लगातार मेहनत की।
कटिहार में भर्ती, बेंगलुरु में मिली ट्रेनिंग
जानकारी के मुताबिक वर्ष 2025 में कटिहार आर्मी कैंप में आयोजित भर्ती प्रक्रिया में संगम कुमार का चयन भारतीय सेना की स्पेशल फोर्स में पैरा कमांडो के रूप में हुआ था। चयन के बाद अप्रैल 2025 में उन्हें बेंगलुरु में प्रशिक्षण के लिए भेजा गया, जहां उन्होंने 11 महीने का बेहद कठिन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया।
रेलवे स्टेशन से ही शुरू हो गया जश्न
सोमवार को जब संगम कुरसेला रेलवे स्टेशन पहुंचे तो उन्हें लेने के लिए दर्जनों चारपहिया वाहनों के साथ सैकड़ों लोग वहां मौजूद थे। देशभक्ति गीतों और गाजे-बाजे के साथ उन्हें गांव तक लाया गया। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। घर पहुंचने पर मां रूमा देवी और बहन पम्मी कुमारी ने फूलों की थाली से उनका स्वागत किया, जबकि पिता मनोहर कुमार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने गर्व जताते हुए कहा कि उनका बेटा देश की सेवा के लिए सेना में शामिल हुआ है।
युवाओं को दिया मेहनत का संदेश
संगम कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, भाई-बहनों और शुभचिंतकों के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य देश की सेवा करना है। साथ ही उन्होंने युवाओं से मेहनत करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की अपील की।
जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई
इस मौके पर पूर्व विधायक शंकर सिंह, जिला परिषद सदस्य प्रतिमा सिंह, मुखिया अमीन रविदास, पैक्स अध्यक्ष हिमांशु कुमार समेत कई जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने संगम कुमार को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
