राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अयोध्या दौरे की तैयारी तेज, सीएम योगी ने सुरक्षा और स्वागत को लेकर दिए सख्त निर्देश

अयोध्या। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को अयोध्या पहुंचे और राष्ट्रपति के कार्यक्रम की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। दर्शन-पूजन के बाद उन्होंने राष्ट्रपति के भ्रमण स्थलों और सभास्थल का भौतिक निरीक्षण किया तथा अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और स्वागत व्यवस्था की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही उन्होंने राष्ट्रपति के स्वागत को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा 19 मार्च से शुरू होने वाले चैत्र रामनवमी मेले के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुविधाओं और यातायात व्यवस्था को भी मजबूत करने के निर्देश दिए।

हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन कर की प्रदेश की खुशहाली की कामना

अयोध्या पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री योगी सबसे पहले हनुमानगढ़ी पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि परिसर जाकर रामलला के चरणों में शीश झुकाया।

इस दौरान श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपतराय ने मुख्यमंत्री को मंदिर निर्माण की प्रगति की जानकारी भी दी। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तय समय से पहले शुरू हुआ। वह पूर्वाह्न करीब 10 बजे अयोध्या पहुंचे और निर्धारित समय से पहले ही 11 बजकर 50 मिनट पर रामकथा पार्क के हेलीपैड से लखनऊ के लिए रवाना हो गए।

इससे पहले सरयू अतिथि गृह में मुख्यमंत्री से जगद्गुरु राम दिनेशाचार्य और हनुमानगढ़ी के अर्पित दास ने मुलाकात की। वहीं हनुमानगढ़ी में महंत धर्मदास, वरिष्ठ पुजारी राजू दास, हेमंत दास और महंत बलराम दास सहित अन्य संतों ने उनका स्वागत किया।

स्वच्छता, सुरक्षा और भव्य स्वागत पर विशेष जोर

समीक्षा बैठक के बाद जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि मुख्यमंत्री ने वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान स्वच्छता, सुरक्षा और स्वागत व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश दिए हैं ताकि देशभर में सकारात्मक संदेश जाए।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति का मुख्य कार्यक्रम राम मंदिर में होगा। राष्ट्रपति पूर्वाह्न 11 बजे मंदिर पहुंचेंगी और लगभग अपराह्न तीन बजे वापस लौटेंगी। राष्ट्रपति के स्वागत के लिए राम पथ पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी और वेद मंत्रोच्चार के साथ शंखध्वनि से उनका स्वागत किया जाएगा।

रामनवमी मेले की तैयारियों पर भी फोकस

मुख्यमंत्री ने 19 मार्च से शुरू होने वाले चैत्र रामनवमी मेले की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, छाया, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

इसके साथ ही शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और भीड़ प्रबंधन के लिए प्रभावी योजना लागू करने को कहा गया है, ताकि लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

सीसीटीवी और ड्रोन से होगी सुरक्षा निगरानी

एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे और रामनवमी मेले को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ की जाएगी। पूरे क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जाएगी।

नगर विधायक वेदप्रकाश गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों को भी व्यवस्थाओं में सहयोग की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री ने राम पथ पर स्थित मदिरा की दुकानों को हटाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है।

Related posts