Foldable iPhone की तैयारी तेज, Apple ने 2 करोड़ डिस्प्ले पैनल का दिया बड़ा ऑर्डर

टेक दुनिया में लंबे समय से चर्चा में बना फोल्डेबल iPhone अब हकीकत के करीब नजर आ रहा है। यूजर्स की भारी मांग को देखते हुए Apple ने अपने पहले फोल्डेबल iPhone के लिए बड़े स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने करीब 20 मिलियन यानी 2 करोड़ फोल्डेबल डिस्प्ले पैनल का ऑर्डर दे दिया है, जिससे इस डिवाइस की संभावित बंपर डिमांड के संकेत मिल रहे हैं।

Samsung को मिला बड़ा कॉन्ट्रैक्ट

रिपोर्ट्स के अनुसार, Apple ने फोल्डेबल डिस्प्ले पैनल बनाने की जिम्मेदारी Samsung को सौंपी है। पहले कंपनी ने 13 से 15 मिलियन यूनिट्स का ऑर्डर दिया था, जिसे बढ़ाकर अब 20 मिलियन कर दिया गया है। इससे साफ है कि Apple अपने पहले फोल्डेबल डिवाइस को बड़े पैमाने पर लॉन्च करने की तैयारी में है। माना जा रहा है कि यह फोन साल की दूसरी छमाही में बाजार में दस्तक दे सकता है।

फोल्डेबल फोन की बढ़ती मांग का असर

ग्लोबल मार्केट में फोल्डेबल स्मार्टफोन्स की तेजी से बढ़ती मांग ने Apple को आक्रामक रणनीति अपनाने के लिए प्रेरित किया है। यही वजह है कि कंपनी ने अपने प्रोडक्शन प्लान को तेजी से विस्तार दिया है। जानकारी के मुताबिक, Samsung मई से ही इन डिस्प्ले पैनल्स का प्रोडक्शन शुरू कर सकता है।

BOE पीछे हटा, Samsung पर बढ़ा भरोसा

Apple ने फोल्डेबल डिस्प्ले के लिए चीनी कंपनी BOE से भी संपर्क किया था, लेकिन सप्लाई चेन और प्रोडक्शन से जुड़ी चुनौतियों के चलते BOE इस ऑर्डर को पूरा करने में सक्षम नहीं रही। इसके बाद Apple ने पूरी तरह Samsung पर भरोसा जताया है, जो अब इस प्रोजेक्ट का प्रमुख सप्लायर बन गया है।

iPhone 17e के लिए भी Samsung को जिम्मेदारी

फोल्डेबल iPhone के साथ-साथ Apple ने iPhone 17e के डिस्प्ले पैनल का ऑर्डर भी Samsung को दिया है। पहले यह जिम्मेदारी BOE के पास थी, लेकिन क्वालिटी से जुड़ी समस्याओं के कारण Samsung को 10 से 12 मिलियन पैनल्स का नया ऑर्डर मिला है।

डेडिकेटेड प्रोडक्शन लाइन की तैयारी

बढ़ते ऑर्डर को देखते हुए Samsung ने अपनी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। खास तौर पर Apple के फोल्डेबल iPhone के लिए कंपनी एक अलग, डेडिकेटेड प्रोडक्शन लाइन तैयार कर रही है, जिससे समय पर सप्लाई सुनिश्चित की जा सके।

Related posts