प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार, 31 मार्च को गुजरात दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे राज्य के विभिन्न शहरों और जिलों में 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे, जिसकी लागत 5,100 करोड़ रुपये से अधिक है। इस एक्सप्रेसवे से क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा और धोलेरा विशेष निवेश क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
इदर-बडोली बाईपास और अन्य सड़क परियोजनाओं की आधारशिला
प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को पक्की शोल्डर वाली चार लेन की इदर-बडोली बाईपास रोड के निर्माण की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा NH-754K के धोलावीरा-मौवाना-वाउवा-संतालपुर सेक्शन (पैकेज-II) को दो लेन की पक्की शोल्डर वाली सड़क में अपग्रेड करने की आधारशिला भी रखी जाएगी। पीएम मोदी गांधीनगर-कोबा-एयरपोर्ट रोड पर भाईजीपुरा जंक्शन और पीडीपीयू जंक्शन पर बनने वाले फ्लाईओवर की आधारशिला और उद्घाटन भी करेंगे।
केयन्स सेमीकॉन प्लांट का लोकार्पण
प्रधानमंत्री अहमदाबाद के सानंद में स्थित केयन्स सेमीकॉन प्लांट का उद्घाटन भी करेंगे। इस प्लांट के चालू होने के साथ ही भारत में कमर्शियल सेमीकंडक्टर उत्पादन की शुरुआत होगी। यह भारत में कमर्शियल मैन्यूफैक्चरिंग शुरू करने वाला दूसरा सेमीकंडक्टर प्लांट होगा।
पूरी तरह से विकसित होने पर 6.33 मिलियन चिप्स का उत्पादन
केयन्स सेमीकॉन प्लांट में कमर्शियल मैन्यूफैक्चरिंग की शुरुआत एडवांस्ड इंटेलिजेंट पावर मॉड्यूल (IPM) के निर्माण से होगी। यह मॉड्यूल ऑटोमोटिव और औद्योगिक उपयोग के लिए महत्वपूर्ण घटक हैं। प्रत्येक मॉड्यूल में 17 चिप्स होंगे, जिनकी आपूर्ति कैलिफोर्निया स्थित अल्फा एंड ओमेगा सेमीकंडक्टर को की जाएगी। पूरी तरह विकसित होने पर प्लांट प्रतिदिन 6.33 मिलियन यूनिट चिप्स का उत्पादन करने में सक्षम होगा।
