राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पालम इलाके से बुधवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। एक चार मंजिला इमारत में अचानक लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिसमें कम से कम 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एक कॉस्मेटिक दुकान से शुरू हुई और तेजी से ऊपरी मंजिलों तक फैल गई।
मकान में मौजूद थे 18 लोग, जान बचाने के लिए लगाई छलांग
घटना के समय इमारत में कुल 18 लोग मौजूद थे। आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कुछ लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिलों से छलांग लगाई, जबकि इमारत का एकमात्र निकास द्वार आग की चपेट में आने के कारण कई लोग अंदर ही फंस गए। शुरुआती आशंका के मुताबिक, कई लोगों के फंसे होने की सूचना मिलते ही राहत और बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया।
दमकल की 30 गाड़ियां मौके पर, सुबह 7 बजे मिली थी सूचना
दमकल विभाग के अनुसार, पालम मेट्रो स्टेशन के पास गली नंबर 2 स्थित इस इमारत में आग लगने की सूचना सुबह करीब 7 बजे मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 30 गाड़ियों को मौके पर रवाना किया। फिलहाल आग पर काबू पाने और अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत-बचाव कार्य लगातार जारी है।
इस घटना ने एक बार फिर शहरी इलाकों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
