घर पर बनाएं ठंडा-ठंडा अंगूर का जूस, मिक्सी में मिनटों में तैयार होगा हेल्दी ड्रिंक

गर्मी के मौसम में शरीर को ठंडक और तुरंत ऊर्जा देने वाले पेय की तलाश रहती है। ऐसे में अंगूर का जूस एक बेहतरीन और हेल्दी विकल्प माना जाता है। खट्टे-मीठे और रसीले अंगूर स्वाद के साथ-साथ शरीर को तुरंत ताजगी भी देते हैं। अगर आपको अंगूर खाना पसंद है तो इसका ताजा जूस भी उतना ही लाजवाब लगता है। अच्छी बात यह है कि घर पर ही मिक्सी की मदद से कुछ ही मिनटों में अंगूर का जूस तैयार किया जा सकता है। करीब 250 ग्राम अंगूर से आसानी से दो गिलास जूस बन जाता है, जिसे पीकर शरीर को तुरंत एनर्जी मिलती है और आप फ्रेश महसूस करते हैं।

जूस बनाने के लिए जरूरी सामग्री

घर पर अंगूर का जूस बनाने के लिए सबसे पहले ताजे और मीठे अंगूर चुनें। लगभग 250 ग्राम अंगूर से दो गिलास जूस तैयार किया जा सकता है। इसके अलावा 1 गिलास पानी, 2 चम्मच चीनी, थोड़ा काला नमक और 2 आइस क्यूब की जरूरत होगी। जूस बनाने से पहले अंगूर को अच्छी तरह साफ पानी से धो लें, ताकि उस पर लगी धूल या गंदगी पूरी तरह हट जाए।

मिक्सी में अंगूर का जूस बनाने का तरीका

सबसे पहले धुले हुए अंगूर मिक्सी के जार में डालें। अब इसमें चीनी और एक गिलास पानी मिलाकर अच्छी तरह पीस लें। अंगूर को जितना बारीक पीसेंगे, उतना ही ज्यादा रस निकलेगा। इसके बाद तैयार मिश्रण को एक मोटी छलनी या छन्नी की मदद से छान लें, ताकि जूस अलग हो जाए और छिलके व पल्प अलग हो जाएं। अगर पल्प में अभी भी रस बचा हो तो उसे दोबारा मिक्सी में थोड़ा पानी डालकर पीस लें और फिर से छान लें।

ठंडा-ठंडा जूस ऐसे करें सर्व

सर्व करने से पहले गिलास में आइस क्यूब डालें। अब तैयार अंगूर के जूस में थोड़ा सा काला नमक मिलाकर गिलास में डालें। ठंडा और ताजा अंगूर का जूस बच्चों और मेहमानों दोनों को बेहद पसंद आता है। गर्मियों में यह एक परफेक्ट रिफ्रेशिंग ड्रिंक साबित हो सकता है।

चीनी डालना है या नहीं, यह आप तय करें

अंगूर अपने आप में काफी मीठे होते हैं, इसलिए जो लोग ज्यादा चीनी नहीं खाना चाहते, वे जूस में चीनी न भी डालें तो काम चल सकता है। हालांकि पानी मिलाने से जूस का स्वाद थोड़ा हल्का हो सकता है, इसलिए स्वाद बढ़ाने के लिए हल्की मात्रा में चीनी मिलाई जा सकती है।

Related posts