IND vs ZIM: रिंकू सिंह पर बड़ी अपडेट, जिम्बाब्वे मैच से पहले बैटिंग कोच ने साफ की स्थिति

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया की शुरुआत उम्मीदों के उलट रही। अहमदाबाद में खेले गए मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम को 76 रनों की करारी हार का सामना करना पड़ा। अब सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए भारत को अपने अगले दोनों मुकाबले हर हाल में जीतने होंगे, साथ ही अन्य मैचों के नतीजों पर भी नजर रखनी होगी। इसी बीच जिम्बाब्वे के खिलाफ अहम मुकाबले से पहले रिंकू सिंह को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है।

आज शाम तक स्क्वाड से जुड़ सकते हैं रिंकू

साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच के बाद स्टार बल्लेबाज Rinku Singh अपने पिता की तबीयत खराब होने के कारण घर लौट गए थे। ऐसे में उनके जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलने को लेकर संशय बना हुआ था। हालांकि टीम इंडिया के बल्लेबाजी कोच Sitanshu Kotak ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि उम्मीद है रिंकू आज शाम तक टीम के साथ दोबारा जुड़ जाएंगे।

कोटक ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि घरेलू सरजमीं पर वर्ल्ड कप खेलने का दबाव जरूर है और उम्मीदें भी काफी हैं, लेकिन टीम इस दबाव से निपटने में सक्षम है। उनके मुताबिक टीम को सिर्फ सही मोमेंटम की जरूरत है।

अभिषेक शर्मा पर भी दिया बड़ा बयान

ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में अब तक निराशाजनक रहा है। इस पर पूछे गए सवाल के जवाब में कोटक ने कहा कि बीमारी के बाद वापसी करने के चलते वह अभी अपनी लय हासिल नहीं कर पाए हैं, लेकिन वह पुराने फॉर्म से ज्यादा दूर नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि किसी एक खिलाड़ी पर ज्यादा फोकस नहीं करना चाहिए।

कोटक के मुताबिक पिछले दो मैचों में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबला टीम का सबसे खराब दिन रहा, लेकिन अब आगे बढ़ना जरूरी है।

सेमीफाइनल की राह कठिन

भारत के लिए अब सेमीफाइनल का रास्ता चुनौतीपूर्ण हो चुका है। टीम को अपने दोनों शेष मुकाबले जीतने होंगे। साथ ही साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले मैच के नतीजे पर भी काफी कुछ निर्भर करेगा।

Related posts