आजकल हाई ब्लड प्रेशर की समस्या तेजी से लोगों में बढ़ती जा रही है। अगर समय रहते इस पर ध्यान न दिया जाए तो यह कई गंभीर और जानलेवा बीमारियों का कारण बन सकता है। डॉक्टरों के मुताबिक लगातार हाई ब्लड प्रेशर रहने से दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा कई गुना तक बढ़ जाता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि कुछ खानपान की आदतें ब्लड प्रेशर को तेजी से बढ़ा सकती हैं। ऐसे में जिन लोगों को हाई बीपी की समस्या रहती है, उन्हें अपने खानपान पर खास ध्यान देने की जरूरत होती है। सही डाइट अपनाकर और कुछ चीजों से दूरी बनाकर इस समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।
नमक का सेवन करें सीमित
हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों के लिए सबसे जरूरी सलाह नमक का सीमित सेवन करना है। अधिक मात्रा में नमक खाने से शरीर में सोडियम की मात्रा बढ़ जाती है, जिससे रक्तचाप बढ़ने लगता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार अगर किसी व्यक्ति को हाई बीपी की समस्या है तो उसे रोजाना नमक का सेवन कम करना चाहिए। लंबे समय तक ब्लड प्रेशर अधिक रहने की स्थिति में डॉक्टर से परामर्श लेना भी जरूरी होता है।
कैफीन और शराब से रखें दूरी
कैफीन भी ब्लड प्रेशर बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकता है। इसलिए जिन लोगों का बीपी अक्सर हाई रहता है, उन्हें चाय और कॉफी का सेवन कम कर देना चाहिए या इससे दूरी बना लेनी चाहिए।
इसके अलावा एनर्जी ड्रिंक का सेवन भी ब्लड प्रेशर को प्रभावित कर सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक शराब का सेवन भी रक्तचाप को बढ़ाने का कारण बन सकता है और इससे शरीर की समग्र सेहत पर भी नकारात्मक असर पड़ता है।
प्रोसेस्ड और पैकेटबंद फूड से बचें
अगर किसी व्यक्ति का ब्लड प्रेशर अक्सर बढ़ा रहता है तो उसे प्रोसेस्ड और पैकेटबंद भोजन से परहेज करना चाहिए। ऐसे खाद्य पदार्थों में आमतौर पर ज्यादा नमक, सैचुरेटेड फैट और ट्रांस फैट पाए जाते हैं, जो दिल और रक्तचाप दोनों के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और सही जीवनशैली अपनाकर हाई ब्लड प्रेशर को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। इसलिए बेहतर यही है कि समय रहते खानपान में सुधार किया जाए और उन चीजों से दूरी बनाई जाए जो रक्तचाप को बढ़ाने का काम करती हैं।
