मथुरा। होली के पावन अवसर पर मथुरा जिले में करीब 25 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इस दौरान मंदिरों में होने वाले विशेष कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस ने रूट डायवर्जन और अस्थाई पार्किंग योजना जारी की है। बरसाना में सोमवार, नंदगांव में 25 फरवरी, जबकि मथुरा और वृंदावन में 26 फरवरी की रात आठ बजे से रूट डायवर्जन कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगा।
बरसाना और नंदगांव में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
एसपी यातायात मनोज कुमार ने बताया कि छाता से बरसाना जाने वाले भारी और कामर्शियल वाहन, नंदगांव कोसी मार्ग से बरसाना जाने वाले वाहन बरसाना तिराहा से प्रतिबंधित रहेंगे। गोवर्धन से बरसाना आने वाले वाहन नीमगांव तिराहा से प्रवेश नहीं कर पाएंगे। रोडवेज और नगर निगम की बसें जुनसुटी पार्किंग तक जा सकेंगी।
बरसाना के लिए राणा की प्याऊ, गोवर्धन रोड नाला, राधा विहारी इंटर कॉलेज के सहारे नाला बैरियर, कामां रोड जैसे मार्गों से सभी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। कोसी से बरसाना होते हुए गोवर्धन आने वाले वाहन केवल कोसी-छाता-गोवर्धन मार्ग से जा सकेंगे।
बरसाना और आसपास के मार्गों पर कुल 59 पार्किंग स्थान बनाए गए हैं, जिनमें गोवर्धन रोड पर 20, बरसाना-कोसी मार्ग पर 11, बरसाना-छाता मार्ग पर नौ और अन्य स्थान शामिल हैं।
नंदगांव में रूट और पार्किंग योजना
नंदगांव में राणा की प्याऊ तिराहा-बरसाना रोड, जिंदल तिराहा-कोसी मार्ग, कामां-भरतपुर मार्ग और छाता हाईवे से नंदगांव आने वाले वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा। ये वाहन कोसी-छाता-बरसाना मार्ग से ही आ-जा सकेंगे। नंदगांव में चार प्रमुख पार्किंग स्थल कोसी मार्ग पर, चार कामां रोड पर, दो बृजवासी रोड पर और छह बरसाना रोड पर बनाए गए हैं।
मथुरा और वृंदावन में ट्रैफिक व्यवस्था
मथुरा में गोवर्धन चौराहा और मंडी चौराहा से भूतेश्वर की ओर बड़े वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। रोडवेज बसें मालगोदाम रोड होकर बस स्टैंड तक जाएंगी। भूतेश्वर तिराहा और मसानी तिराहा से श्रीकृष्ण जन्मभूमि तक सभी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। एसबीआई चौराहा, कृष्णापुरी, लक्ष्मी नगर चौराहा से एनसीसी तिराहा और गोकुल रेस्टोरेंट से मसानी चौराहा की ओर जाने वाले बड़े वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
वृंदावन रोड पर तीन, गोकुल रेस्टोरेंट पर दो, हाईवे पर दो, थाने के पास दो, टैंक चौराहा से होलीगेट पर तीन, कृष्णापुरी रोड पर दो और टैंक चौराहे से भूतेश्वर रोड पर दो पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।
