जालना में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: मजदूरों से भरी पिकअप को ट्रक ने मारी टक्कर, 7 की मौत

जालना: महाराष्ट्र के जालना जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर दिया। कडवंची गांव के पास हुए इस भीषण दुर्घटना में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 से 7 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में 6 महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं, जो मजदूरी के लिए जा रहे थे।

हादसा उस वक्त हुआ जब मजदूरों को लेकर जा रही एक पिकअप वाहन को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी।

मौके पर राहत-बचाव, घायलों का इलाज जारी

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत जालना जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

तेज रफ्तार और लापरवाही बनी हादसे की वजह

प्राथमिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना सामने आ रहा है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे शव

पुलिस ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों को उनके परिवारों को सौंप दिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।

सरकारी मदद का भरोसा

इस बीच जालना विधानसभा क्षेत्र के विधायक अर्जुन खोतकर ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और मृतकों के परिजनों को हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।

Related posts