प्रयागराज में भीषण हादसा: अमोनिया टैंक फटने से कोल्ड स्टोरेज ढहा, 5 मजदूरों की मौत, 16 को बचाया गया

प्रयागराज के फाफामऊ क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने हड़कंप मचा दिया। चांदपुर गांव स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस से भरा टैंक फटने के बाद पूरी संरचना ढह गई, जिससे मौके पर काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। इस हादसे में 5 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 16 लोगों को अब तक सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

ब्लास्ट के बाद ढही छत, गैस रिसाव से बढ़ी दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टैंक में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। धमाके के बाद कोल्ड स्टोरेज की छत गिर गई और अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे हालात और गंभीर हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

राहत-बचाव में जुटी पुलिस और फायर ब्रिगेड
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए अभियान जारी है। घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई, जिसे नियंत्रित करने में प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

कोल्ड स्टोरेज में आलू भंडारण के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार चांदपुर गांव के सामने स्थित आदर्श कोल्ड स्टोरेज में आलू भंडारण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक अमोनिया टैंक में विस्फोट हो गया, जिससे पूरी इमारत का हिस्सा ढह गया और मजदूर मलबे में दब गए।

लाइसेंस और लापरवाही की होगी जांच
पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज के लाइसेंस और उसके नवीनीकरण की जांच की जाएगी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसा किन कारणों से हुआ और इसमें किस स्तर पर लापरवाही रही।

इलाके में मातम, जांच के बाद होगी कार्रवाई
हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन ने मामले की गहन जांच के निर्देश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।


Related posts