फिल्म और टीवी इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री हंसिका मोटवानी की शादीशुदा जिंदगी अब खत्म हो गई है। सामने आई जानकारी के मुताबिक हंसिका मोटवानी और उनके पति सोहेल कथूरिया ने मुंबई की बांद्रा कोर्ट में आपसी सहमति से तलाक ले लिया है। दोनों की शादी को करीब 3 साल 3 महीने ही हुए थे। अचानक आई इस खबर से फैंस भी हैरान हैं। पिछले कुछ समय से दोनों के रिश्ते में अनबन की खबरें सामने आ रही थीं, जिन पर अब कानूनी तौर पर मुहर लग गई है।
जयपुर में हुई थी शाही शादी
हंसिका मोटवानी और सोहेल कथूरिया ने 4 दिसंबर 2022 को राजस्थान के जयपुर में बेहद शाही अंदाज में शादी की थी। यह शादी काफी चर्चा में रही थी और इसके वीडियो व तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए थे। हंसिका की यह पहली शादी थी, जबकि सोहेल कथूरिया की यह दूसरी शादी थी। इससे पहले सोहेल की शादी हंसिका की करीबी दोस्त रिंकी बजाज से हुई थी। इसी वजह से यह रिश्ता शुरुआत से ही सुर्खियों में रहा था।
शादी के कुछ समय बाद ही बढ़ने लगी थी दूरियां
रिपोर्ट्स के अनुसार शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्ते में खटास आने लगी थी। छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर विवाद होने लगे थे। बताया जाता है कि जुलाई 2024 से ही दोनों अलग-अलग रह रहे थे। परिवार के लोगों ने कई बार दोनों के रिश्ते को बचाने की कोशिश भी की, लेकिन बात नहीं बन सकी और अंत में दोनों ने अलग होने का फैसला कर लिया।
सोच और लाइफस्टाइल में था बड़ा अंतर
कोर्ट की सुनवाई के दौरान अभिनेत्री के वकील अदनान शेख ने बताया कि शादी के शुरुआती समय में सब कुछ सामान्य था, लेकिन समय के साथ दोनों को महसूस हुआ कि उनकी सोच, स्वभाव और लाइफस्टाइल में काफी अंतर है। इसी वजह से उनके बीच लगातार मतभेद बढ़ते गए और साथ रहना मुश्किल हो गया। इसके बाद दोनों ने आपसी सहमति से तलाक लेने का निर्णय लिया।
फैंस के लिए चौंकाने वाली खबर
हंसिका मोटवानी और सोहेल कथूरिया की शादी को कभी इंडस्ट्री की चर्चित शादियों में गिना जाता था। ऐसे में उनके तलाक की खबर ने फैंस को भी हैरान कर दिया है। हालांकि अभी तक दोनों की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन अदालत में प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह रिश्ता अब औपचारिक रूप से खत्म हो चुका है।
