बॉलीवुड एक्ट्रेस गीता बसरा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। क्रिकेटर हरभजन सिंह से शादी के बाद उन्होंने फिल्मी दुनिया से दूरी बना ली थी, लेकिन अब करीब एक दशक के लंबे ब्रेक के बाद वह फिर से अभिनय की दुनिया में वापसी करने जा रही हैं। गीता बसरा ने अपने करियर में कुल 7 फिल्मों में काम किया है और अब वह दोबारा बड़े पर्दे पर नजर आने की तैयारी में हैं।
इंग्लैंड में जन्म, थिएटर से शुरू हुआ अभिनय का सफर
गीता बसरा का जन्म 13 मार्च 1984 को इंग्लैंड के पोर्ट्समाउथ में हुआ था। उनका पालन-पोषण भी वहीं हुआ। अभिनय के प्रति रुचि के चलते उन्होंने लंदन में करीब पांच साल तक थिएटर में अभिनय सीखा। इसके बाद उन्होंने भारत का रुख किया और मुंबई आकर किशोर नमित कपूर के एक्टिंग स्कूल में अपनी ट्रेनिंग जारी रखी। यहीं से उनके फिल्मी सफर की शुरुआत हुई और उन्हें जल्द ही अपनी पहली फिल्म का ऑफर मिल गया।
शादी के बाद फिल्मों से बनाई दूरी
गीता बसरा ने भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह से शादी के बाद फिल्मों से दूरी बना ली। इस बारे में उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में बताया था कि उनकी मां एक कामकाजी महिला थीं और उन्होंने परिवार को बहुत अच्छी तरह संभाला। गीता ने कहा था कि आज वह जो भी हैं, उसमें उनकी मां का बड़ा योगदान है। उन्होंने यह भी कहा था कि अपनी बेटी हिनाया के साथ बिताए हर पल को वह बेहद खास मानती हैं और काम से दूर रहना उनका निजी फैसला था। उनका कहना था कि जब वह पहले अभिनय करती थीं तो उसे पूरी तरह एन्जॉय करती थीं और जब वह दोबारा तैयार होंगी तो काम पर लौट आएंगी।
2006 में शुरू हुआ करियर, 2015 में आई आखिरी बॉलीवुड फिल्म
गीता बसरा ने साल 2006 में फिल्म ‘दिल दिया है’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। हालांकि हिंदी सिनेमा में उन्हें बड़ी सफलता नहीं मिल सकी। 2006 से 2016 के बीच उन्होंने कुल सात फिल्मों में काम किया, जिनमें एक पंजाबी फिल्म भी शामिल थी। उनकी आखिरी हिंदी फिल्म ‘सेकंड हैंड हसबैंड’ साल 2015 में रिलीज हुई थी, जो बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सकी। इसके बाद साल 2016 में वह पंजाबी फिल्म ‘लॉक’ में नजर आई थीं।
परिवार और बच्चों की परवरिश को दी प्राथमिकता
गीता बसरा और हरभजन सिंह ने लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद 29 अक्टूबर 2015 को शादी की थी। शादी के बाद गीता ने अपने परिवार पर पूरा ध्यान दिया। साल 2016 में उन्होंने लंदन में बेटी हिनाया को जन्म दिया। इसके बाद 2021 में उनके बेटे जोवन वीर सिंह का जन्म हुआ। गीता अक्सर सोशल मीडिया के जरिए अपनी जिंदगी से जुड़े खास पल साझा करती रहती हैं।
अब फिर बड़े पर्दे पर वापसी की तैयारी
करीब दस साल के लंबे ब्रेक के बाद गीता बसरा ने अभिनय में वापसी का फैसला लिया है। उन्होंने निर्देशक राकेश मेहता की पंजाबी फिल्म ‘मेहर’ से वापसी की, जो 5 सितंबर 2025 को रिलीज हुई थी। अब 42 वर्षीय गीता बसरा एक बार फिर हिंदी सिनेमा में कदम रखने जा रही हैं। वह फिल्म ‘अवस्थी वर्सेस अवस्थी’ के जरिए बॉलीवुड में कमबैक करने वाली हैं।
