उत्तर भारत से ठंड की विदाई, मौसम का मिजाज बदला; 5 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर बर्फबारी की चेतावनी

नई दिल्ली। उत्तर भारत में अब ठंड विदा लेने की तैयारी में है। दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तरी हिस्से में तापमान लगातार बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने मौसम में बड़े बदलाव की चेतावनी जारी की है। दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में पहाड़ी इलाकों में मौसम करवट ले सकता है। वहीं 13 से 19 फरवरी के बीच कई राज्यों में मौसम के बिगड़ने की आशंका है।

दिल्ली-एनसीआर में बादलों का डेरा, 15 फरवरी के बाद बारिश की चेतावनी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। बादलों की मौजूदगी के कारण सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का अहसास बना रह सकता है। हालांकि दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने 15 फरवरी के बाद आंधी और बारिश की चेतावनी दी है, जिससे एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल सकता है।

इन पांच राज्यों में अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने दिल्ली के अलावा राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में भी आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि 13 से 19 फरवरी के बीच इन राज्यों में मौसम अस्थिर रह सकता है।

यूपी और बिहार में कैसा रहेगा हाल?

उत्तर प्रदेश और बिहार में फिलहाल मौसम सामान्य बने रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार यूपी के आगरा, अलीगढ़, मेरठ, आजमगढ़, लखनऊ, बरेली, एटा, फतेहपुर, गौतम नगर, गाजियाबाद और हाथरस में हल्का कोहरा छाया रह सकता है। वहीं बिहार के पटना, गया, चंपारण, भोजपुर, मधुबनी और पूर्णिया में आसमान साफ रहने का अनुमान है।

उत्तराखंड में 16-17 फरवरी को भारी बारिश के आसार

पहाड़ी राज्यों में मौसम ज्यादा सक्रिय नजर आ सकता है। उत्तराखंड में 16 और 17 फरवरी को भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। खासतौर पर चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और पौड़ी गढ़वाल जिलों में असर देखने को मिल सकता है।

हिमाचल में 15 फरवरी के बाद बदलेगा मौसम, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश में फिलहाल मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन 15 फरवरी के बाद बादल छाने की संभावना है। मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बर्फबारी की चेतावनी जारी की है, जिससे पर्वतीय इलाकों में ठंड फिर से बढ़ सकती है।

Related posts