देश की राजधानी दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में शुक्रवार रात भूकंप के झटकों ने लोगों को दहशत में डाल दिया। हाल के दिनों में दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में लगातार आ रहे भूकंपों के बीच यह झटका लोगों के डर को और बढ़ाने वाला रहा। दिल्ली-एनसीआर के अलावा जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और पंजाब में भी कंपन महसूस किया गया।
5.9 तीव्रता का भूकंप, 175 किमी गहराई में था केंद्र
मिली जानकारी के अनुसार, इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.9 दर्ज की गई। इसका केंद्र अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान सीमा क्षेत्र में बताया गया है। भूकंप जमीन के भीतर करीब 175 किलोमीटर की गहराई में आया, जिसकी वजह से इसका असर उत्तर भारत के कई हिस्सों तक महसूस किया गया।
कई राज्यों में महसूस हुए झटके, लोगों में दहशत
दिल्ली के साथ-साथ कश्मीर घाटी के कई इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। पंजाब के पठानकोट में भी रात करीब 9 बजकर 50 मिनट पर हल्का कंपन दर्ज किया गया। वहीं उत्तर प्रदेश के नोएडा में कुछ सेकंड तक जमीन हिलती महसूस हुई। झटकों के बाद लोग घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
क्यों आते हैं भूकंप? जानिए वैज्ञानिक कारण
भूकंप आने के पीछे मुख्य कारण धरती की टेक्टोनिक प्लेटों की हलचल होती है। जब ये प्लेटें आपस में टकराती हैं, रगड़ खाती हैं या खिसकती हैं, तो जमीन के भीतर जमा ऊर्जा अचानक बाहर निकलती है। यही ऊर्जा धरती की सतह पर कंपन के रूप में महसूस होती है, जिसे हम भूकंप कहते हैं।
