फिल्म ‘धुरंधर द रिवेंज’ की रिलीज से ठीक पहले इसके निर्देशक आदित्य धर ने अपने जन्मदिन के मौके पर प्रशंसकों के लिए एक भावुक संदेश साझा किया है। फिल्म की रिलीज में अब लगभग एक सप्ताह का समय बचा है और एडवांस बुकिंग के जरिए ही फिल्म करीब 50 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर चुकी है। ऐसे में निर्देशक ने बीते साल को अपने करियर के लिए बेहद खास बताते हुए दर्शकों का आभार जताया है।
गुरुवार को आदित्य धर ने अपना 43वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर उन्हें सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में बधाइयां मिलीं। जन्मदिन के बाद उन्होंने एक भावनात्मक नोट साझा करते हुए प्रशंसकों के प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद कहा।
बीते साल को बताया शानदार सफर
अपने संदेश में आदित्य धर ने लिखा कि वह इस बार अपना जन्मदिन ‘धुरंधर द रिवेंज’ को अंतिम रूप देते हुए मना रहे हैं और इसी दौरान उन्होंने बीते साल के सफर को याद किया।
उन्होंने लिखा कि जब वह पीछे मुड़कर देखते हैं तो उनके मन में कृतज्ञता की भावना उमड़ आती है। यह यात्रा, उनके साथ खड़ी रही टीम और वर्षों से दर्शकों द्वारा उनके काम पर दिखाया गया भरोसा उनके लिए बेहद मायने रखता है।
आदित्य ने कहा कि प्रशंसकों के संदेश, ट्वीट, स्टोरी और उन पर बने मजेदार मीम्स पढ़कर उनका दिल भर आया। उन्होंने यह भी कहा कि काश वह हर व्यक्ति को व्यक्तिगत रूप से जवाब दे पाते, लेकिन वह सभी के प्यार और प्रोत्साहन की बहुत कद्र करते हैं।
खुद को बताया भाग्यशाली, दर्शकों का भरोसा सबसे बड़ा
निर्देशक ने आगे कहा कि वह खुद को बेहद भाग्यशाली मानते हैं और अपने काम को कभी हल्के में नहीं लेते। फिल्म उद्योग में कुछ भी निश्चित नहीं होता और हर नई फिल्म अपने आप में एक जोखिम भरा कदम होती है।
उनके अनुसार दर्शकों का भरोसा ही सबसे बड़ी ताकत है और यही उन्हें बेहतर काम करने के लिए प्रेरित करता है।
सपनों पर भरोसा रखने का दिया संदेश
अपने नोट के अंत में आदित्य धर ने एक प्रेरणादायक संदेश भी दिया। उन्होंने लिखा कि अगर इस साल ने उन्हें कुछ सिखाया है तो वह यह कि कभी भी अपने सपनों पर विश्वास खोना नहीं चाहिए, चाहे वे कितने भी बड़े क्यों न हों।
उन्होंने कहा कि ईमानदारी से काम करते रहना चाहिए और अपने काम में पूरी मेहनत लगानी चाहिए। हर छोटा कदम और हर संघर्ष इंसान को धीरे-धीरे उस मुकाम तक पहुंचाता है जहां उसे होना चाहिए।
फिल्म ‘धुरंधर द रिवेंज’ 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इसके सशुल्क प्रीव्यू 18 मार्च से शुरू हो चुके हैं और फिल्म की एडवांस बुकिंग को दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है।
