दिल्ली बजट आज: सीएम रेखा गुप्ता पेश करेंगी ‘ग्रीन बजट’, AAP का विरोध तेज

दिल्ली की सियासत आज बजट को लेकर गरमाने वाली है। मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री रेखा गुप्ता आज विधानसभा में दिल्ली का बजट पेश करेंगी, वहीं दूसरी ओर आम आदमी पार्टी ने इसे लेकर विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है।

सुबह कैबिनेट बैठक के बाद विधानसभा में पेश होगा बजट
बजट पेश होने से पहले सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री आवास पर कैबिनेट की बैठक होगी, जिसमें प्रस्तावित बजट को मंजूरी दी जाएगी। इसके बाद 10:40 बजे विधानसभा में फोटो सेशन होगा और ठीक 11 बजे से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बजट भाषण शुरू करेंगी।

इस बार ‘ग्रीन बजट’ पर खास फोकस
इस बार का बजट ‘ग्रीन बजट’ के रूप में पेश किया जाएगा, जिसमें दिल्ली की सबसे बड़ी समस्या वायु प्रदूषण को कम करने पर विशेष जोर रहेगा। अनुमान है कि इस बार बजट का आकार करीब 1 लाख 10 हजार करोड़ रुपये होगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का यह दूसरा बजट है।

खीर सेरेमनी के साथ हुई थी शुरुआत
बजट सत्र की शुरुआत पारंपरिक ‘खीर सेरेमनी’ के साथ की गई थी। इस दौरान भगवान श्री राम, माता सीता और मां लक्ष्मी को भोग लगाया गया। कार्यक्रम में डॉक्टरों, किन्नर समुदाय, किसानों, छात्राओं, मंत्रियों और विधायकों को खीर परोसी गई। मुख्यमंत्री ने इसे समावेशी विकास की प्रतीक परंपरा बताया।

AAP का विरोध प्रदर्शन जारी
बजट सत्र के दूसरे दिन भी आम आदमी पार्टी विरोध प्रदर्शन करेगी। पार्टी के चार विधायकों के निलंबन के विरोध में AAP ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कारण पिछले सत्र में पार्टी के विधायक सदन में शामिल नहीं हुए थे। आज भी पार्टी अपने विधायकों और कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन करेगी।

आतिशी ने सरकार पर लगाए आरोप
विपक्ष की नेता आतिशी ने आरोप लगाया कि विधानसभा में विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है। उनका कहना है कि जनहित के मुद्दे उठाने पर विधायकों को सदन से बाहर कर दिया जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर विपक्ष को बोलने का मौका नहीं मिलेगा, तो विधानसभा सत्र का औचित्य क्या है।


Related posts