इंटरनेट और सोशल मीडिया के दौर में लोगों में फिटनेस को लेकर जागरूकता तेजी से बढ़ी है। आज हर कोई हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाना चाहता है, लेकिन भागदौड़ भरी जिंदगी और अनियमित दिनचर्या के कारण अधिकतर लोग स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में वजन घटाने और सेहत सुधारने के लिए लोग घरेलू और प्राकृतिक उपायों की ओर रुख कर रहे हैं। इन्हीं उपायों में एक असरदार तरीका है चिया सीड्स का पानी पीना। देखने में छोटे और काले रंग के ये बीज पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं और स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी माने जाते हैं।
आयुर्वेदिक डॉक्टर ने बताए चिया सीड्स के फायदे
आयुर्वेदिक डॉक्टर डॉ. चंचल शर्मा (आशा आयुर्वेदा की डायरेक्टर और स्त्री रोग विशेषज्ञ) के अनुसार, चिया सीड्स का पानी नियमित रूप से पीने से शरीर को कई तरह के लाभ मिलते हैं। खासतौर पर वजन घटाने के इच्छुक लोगों के लिए चिया सीड्स बेहद फायदेमंद साबित हो सकते हैं।
वजन घटाने में करता है मदद
चिया सीड्स में भरपूर मात्रा में प्राकृतिक फाइबर पाया जाता है, जो पाचन को बेहतर बनाता है। रातभर पानी में भिगोकर रखे गए चिया सीड्स का पानी पीने से पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है, जिससे ओवरईटिंग से बचाव होता है और वजन घटाने में मदद मिलती है।
पाचन तंत्र को रखता है दुरुस्त
फाइबर से भरपूर चिया सीड्स पाचन शक्ति को मजबूत बनाते हैं। इसके नियमित सेवन से कब्ज, अपच और एसिडिटी जैसी समस्याओं में राहत मिलती है और आंतों की सफाई बेहतर तरीके से होती है।
शरीर को रखता है हाइड्रेटेड
गर्मियों के मौसम में शरीर में पानी की कमी एक आम समस्या है। चिया सीड्स का पानी लंबे समय तक शरीर को हाइड्रेटेड रखता है, जिससे थकान और कमजोरी महसूस नहीं होती और एनर्जी बनी रहती है।
हृदय स्वास्थ्य के लिए लाभकारी
चिया सीड्स ओमेगा-3 फैटी एसिड का अच्छा स्रोत हैं। यह शरीर में कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित रखने में मदद करता है और हृदय संबंधी रोगों के खतरे को कम करता है।
डायबिटीज के मरीजों के लिए फायदेमंद
डायबिटीज से पीड़ित लोगों के लिए भी चिया सीड्स लाभकारी माने जाते हैं। यह ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित रखने में मदद करता है, हालांकि इसका सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए।
हड्डियों को बनाता है मजबूत
चिया सीड्स में कैल्शियम, मैग्नीशियम और फॉस्फोरस जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो हड्डियों को मजबूती प्रदान करते हैं और शरीर को अंदर से मजबूत बनाते हैं।
चिया सीड्स का पानी पीने का सही तरीका
चिया सीड्स का सेवन हमेशा पानी में भिगोकर ही करना चाहिए। एक से दो चम्मच चिया सीड्स को एक गिलास पानी में कम से कम एक घंटे या रातभर भिगोकर रखें। सुबह खाली पेट इसका पानी पिएं। स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें थोड़ा शहद या नींबू मिलाया जा सकता है।
इन बातों का रखें ध्यान
चिया सीड्स का सेवन सीमित मात्रा में ही करें। गंभीर बीमारी से पीड़ित लोग या गर्भवती महिलाएं इसका उपयोग करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
