होली से पहले दिल्ली को बड़ा तोहफा: महिलाओं को 100 करोड़ की सौगात, फ्री गैस सिलेंडर और पिंक कार्ड की शुरुआत

होली से ठीक पहले राजधानी दिल्ली में सरकार की ओर से बड़ी घोषणाएं की गई हैं। इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित भव्य कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों एक साथ चार अहम योजनाओं का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर महिलाओं और बेटियों के लिए आर्थिक सहायता, फ्री गैस सिलेंडर और पिंक कार्ड जैसी सौगातों का ऐलान हुआ। सरकार की ओर से कहा गया है कि इन योजनाओं का सीधा लाभ लाखों परिवारों तक पहुंचेगा।

लाडली योजना के तहत 100 करोड़ रुपये ट्रांसफर

दिल्ली सरकार की लाडली योजना के अंतर्गत 40 हजार से अधिक लाभार्थियों को करीब 100 करोड़ रुपये सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर किए जा रहे हैं। यह योजना पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के कार्यकाल में शुरू की गई थी। योजना के तहत पंजीकृत बालिकाओं को 50 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाती थी। हालांकि आम आदमी पार्टी सरकार के दौरान इस योजना का लाभ नहीं मिल पाया था। अब केंद्र सरकार की ‘मेरी पूंजी मेरा अधिकार’ योजना के तहत लाडली स्कीम की राशि जारी की जा रही है।

महिलाओं के लिए पिंक कार्ड, DTC बसों में मुफ्त सफर

महिलाओं को दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने के लिए आज से पिंक कार्ड जारी किए जा रहे हैं। सरकार का दावा है कि इस कदम से राजधानी की लाखों महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा और सार्वजनिक परिवहन में उनकी भागीदारी और सुरक्षा दोनों मजबूत होंगी।

होली पर फ्री सिलेंडर का वादा पूरा

दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने वादा किया था कि सरकार बनने पर होली और दीपावली पर मुफ्त गैस सिलेंडर दिए जाएंगे। अब उस वादे को पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। इस योजना के तहत 17.5 लाख लाभार्थियों के खातों में 129 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। सरकार का कहना है कि इससे महंगाई के दौर में परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।

लखपति बिटिया योजना की शुरुआत

आज ‘लखपति बिटिया योजना’ की भी औपचारिक शुरुआत की गई। इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) की बेटियों को जन्म से लेकर स्नातक तक अलग-अलग चरणों में कुल मिलाकर एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को संबल देना है।

गौरतलब है कि लाडली योजना 31 मार्च 2026 को बंद कर दी जाएगी। इसके बाद 1 अप्रैल 2026 से लखपति बिटिया योजना लागू होगी। होली से पहले इन घोषणाओं को राजधानी के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है, जिसका सीधा असर लाखों महिलाओं और बेटियों पर पड़ेगा।

Related posts