कुशीनगर मेले में बड़ा हादसा: झूला टूटकर गिरा, 12 घायल; दूसरी घटना में नहर में गिरी ट्रॉली से 4 महिलाओं की मौत

कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में भैंसहां मेले के दौरान बुधवार रात बड़ा हादसा हो गया। खड्डा क्षेत्र में लगे मेले में एक झूला अचानक टूटकर नीचे गिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में 12 लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि झूला चार चक्कर लगाने के बाद तकनीकी खराबी का शिकार हो गया था, लेकिन ऑपरेटर ने इसे नजरअंदाज करते हुए संचालन जारी रखा। इसी दौरान झूला अचानक टूट गया। घटना के बाद मेले में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। चैत्र पूर्णिमा के मौके पर लगने वाले इस मेले में हर साल यूपी और बिहार से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

स्थानीय विधायक विवेकानंद पांडे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है। जिनका इलाज स्थानीय स्तर पर संभव है, उनका इलाज वहीं किया जा रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। प्रशासन की ओर से सभी को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, झूले के टूटने के कारणों की जांच की जा रही है। मौके पर राहत और बचाव कार्य के लिए पुलिस, चिकित्सा और अग्निशमन विभाग की टीमें तुरंत तैनात कर दी गईं। मेले में मौजूद लोगों से भी सहयोग की अपील की गई है, ताकि स्थिति को नियंत्रित रखा जा सके।

दूसरा हादसा: नहर में गिरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, 4 महिलाओं की मौत

इसी बीच एक और दर्दनाक हादसा सामने आया, जब श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बड़ी गंडक नहर में गिर गई। इस दुर्घटना में चार महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए।

मृतकों की पहचान मीरा देवी, विमला देवी, किसमति देवी और सरिता देवी के रूप में हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल 14 लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि ये सभी श्रद्धालु महराजगंज के बड़हरा से भैंसहा दुर्गा मंदिर मेले में शामिल होने जा रहे थे। यह हादसा खड्डा थाना क्षेत्र के सिसवा गोपाल इलाके में हुआ।

Related posts