लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सदन का माहौल उस समय गरमा गया, जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सत्ता पक्ष पर भड़क उठे। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार उनका नाम लिया जाता है, लेकिन उन्हें अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया जाता। राहुल गांधी ने कहा कि देश के संसदीय इतिहास में शायद पहली बार ऐसा हो रहा है जब नेता प्रतिपक्ष को बोलने से रोका जा रहा है।
राहुल गांधी ने सदन में कहा कि उन्हें कई बार अपनी बात रखने से रोका गया है। उन्होंने कहा कि संसद पूरे देश का प्रतिनिधित्व करती है और यहां हर पक्ष को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार होना चाहिए।
लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी का मुद्दा
दरअसल, लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला को हटाने के प्रस्ताव पर बुधवार को चल रही बहस के दौरान माहौल काफी तीखा हो गया। राहुल गांधी ने सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह बहस केवल स्पीकर के पद तक सीमित नहीं है, बल्कि लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़ा मुद्दा भी है।
उन्होंने कहा, “कई बार सदन में मेरा नाम लिया गया, लेकिन जब हम बोलने के लिए खड़े होते हैं तो हमें रोक दिया जाता है। पिछली बार जब मैंने प्रधानमंत्री के ‘कॉम्प्रोमाइज’ का मुद्दा उठाया था, उसके बाद मुझे बोलने नहीं दिया गया। यह सदन पूरे देश का है और शायद इतिहास में पहली बार नेता प्रतिपक्ष को बोलने से रोका जा रहा है।”
प्रधानमंत्री मोदी पर साधा निशाना
अपने संबोधन के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री “कॉम्प्रोमाइज” कर चुके हैं। उनके इस बयान के बाद सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली।
रविशंकर प्रसाद का पलटवार
राहुल गांधी के आरोपों का जवाब देते हुए भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि देश ने कभी समझौते की राजनीति स्वीकार नहीं की है। उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि प्रधानमंत्री ने किसी भी मुद्दे पर समझौता नहीं किया।
रविशंकर प्रसाद ने यह भी कहा कि आज़ादी के बाद इतने वर्षों में यह केवल दूसरी बार है जब लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा हो रही है। उनके अनुसार स्पीकर के पद की गरिमा सर्वोपरि होती है और इसे किसी राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्पीकर सदन के प्रति जवाबदेह होते हैं और इस पद की मर्यादा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
