नागपुर। सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट कर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। इस मामले ने राजनीतिक और सुरक्षा हलकों में चिंता बढ़ा दी है। नागपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
फेसबुक वीडियो से सामने आया मामला
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के नांगलोई निवासी सुमित कुमार चौहान, जो एक व्यवसायी और अखिल भारतीय हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बताए जा रहे हैं, 22 अप्रैल को निजी कार्य से नागपुर आए थे। इसी दौरान उन्होंने यशवंत स्टेडियम इलाके में रहते हुए फेसबुक पर “सनातनी शेर” नाम के अकाउंट से अपलोड किया गया एक वीडियो देखा।
वीडियो में दी गई गंभीर धमकी और आपत्तिजनक भाषा
वीडियो में एक व्यक्ति द्वारा नितिन गडकरी और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी। साथ ही उनके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए गंभीर आरोप भी लगाए गए। वीडियो में कुछ अन्य सामग्री के माध्यम से धार्मिक भावनाएं भड़काने और समुदायों के बीच तनाव पैदा करने जैसे बयान भी शामिल थे।
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
वीडियो देखने के बाद सुमित चौहान ने धनतोली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की।
आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी
पुलिस जांच में आरोपी की पहचान नागपुर निवासी आयुष रमेश चंद्र अग्रवाल, महालक्ष्मी नगर, मानेवाड़ा चौक के रूप में हुई है। जांच में यह भी सामने आया कि वीडियो नागपुर से ही पोस्ट किया गया था और आरोपी ने फर्जी सोशल मीडिया आईडी का इस्तेमाल कर भड़काऊ सामग्री साझा की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस वीडियो के पीछे कोई और नेटवर्क या साजिश तो नहीं है।
