रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है और फिल्म के हर किरदार को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है। खासतौर पर ‘रिजवान’ के रोल में नजर आए अभिनेता मुस्तफा अहमद ने अपनी दमदार एक्टिंग और फिटनेस से सबका ध्यान खींच लिया है। हालांकि आज उनकी सफलता सुर्खियों में है, लेकिन इसके पीछे संघर्ष की लंबी कहानी छिपी हुई है।
डिस्लेक्सिया से जूझते हुए बनाया खुद का रास्ता
मुस्तफा का बचपन आसान नहीं रहा। वह डिस्लेक्सिया जैसी समस्या से जूझ रहे थे, जिसके चलते पढ़ाई उनके लिए बेहद कठिन हो गई थी और उन्हें अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। शारीरिक गतिविधियों में उनकी गहरी रुचि थी और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत बन गई। खेलकूद और डांस के जरिए उन्होंने खुद को साबित करना शुरू किया।
एक खत ने बदल दी जिंदगी की दिशा
साल 2001 में 21 साल की उम्र में मुस्तफा एक कॉल सेंटर में टीम लीडर थे और अच्छी खासी कमाई कर रहे थे। लेकिन एक दिन जिम में हुई एक घटना ने उनकी जिंदगी बदल दी। एक महिला की मदद करने के बाद कुछ महीनों में उन्हें एक खत मिला, जिसमें उनकी ट्रेनिंग से उस महिला की निजी जिंदगी में आए बदलाव का जिक्र था। उसी खत ने मुस्तफा को एहसास दिलाया कि उनका असली मकसद क्या है।
मोटी सैलरी छोड़ 10 हजार से की नई शुरुआत
उस एक पल के बाद मुस्तफा ने अपनी हाई सैलरी वाली नौकरी छोड़ दी। परिवार और करीबियों ने इस फैसले को गलत बताया, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने एक छोटे जिम में महज 10 हजार रुपये की नौकरी से शुरुआत की और कड़ी मेहनत के दम पर धीरे-धीरे पहचान बनानी शुरू की। उनकी लगन और जुनून ने उन्हें बहुत जल्द फिटनेस इंडस्ट्री में अलग पहचान दिला दी।
एशिया के टॉप ट्रेनर से बड़े सितारों के कोच तक का सफर
मुस्तफा की मेहनत का असर ऐसा हुआ कि वह बेहद कम समय में टॉप ट्रेनर्स में गिने जाने लगे। उन्होंने यह साबित किया कि बिना बड़ी डिग्री के भी जुनून और मेहनत के दम पर सफलता हासिल की जा सकती है। आगे चलकर वह बड़े फिल्मी सितारों के भरोसेमंद फिटनेस ट्रेनर बने और इंडस्ट्री में अपनी अलग जगह बनाई।
एक्टर के रूप में नई पहचान, फिटनेस ने जीता दिल
फिटनेस की दुनिया में नाम कमाने के बाद मुस्तफा ने एक्टिंग की ओर कदम बढ़ाया और ‘धुरंधर 2’ में अपने किरदार से सभी को प्रभावित किया। उनकी बॉडी, एक्शन और स्क्रीन प्रेजेंस की जमकर तारीफ हो रही है। दर्शकों का मानना है कि उनकी फिटनेस और एक्शन कई बड़े सितारों पर भारी पड़ रहे हैं।
