Uttarakhand Weather: नवरात्र के पहले दिन बदला मौसम, पहाड़ों में बर्फबारी-बारिश; कई जिलों में अंधड़ और ओलावृष्टि का अलर्ट

देहरादून से मौसम को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है, जहां नवरात्र के पहले ही दिन उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली। पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानों तक आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश का दौर जारी है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और ठंड का असर एक बार फिर महसूस किया जा रहा है।

मसूरी-नैनीताल समेत कई इलाकों में बारिश
नवरात्र की शुरुआत के साथ ही मसूरी, हल्द्वानी, नैनीताल, बागेश्वर और कोटद्वार समेत कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है और बादलों की मौजूदगी के चलते धूप नहीं निकलने से ठंड बढ़ गई है।

बागेश्वर में बूंदाबांदी से बढ़ी ठंड
बागेश्वर जिले में गुरुवार सुबह से ही हल्की बारिश का सिलसिला जारी है। तड़के करीब तीन बजे से आसमान में घने बादल छाए रहे, जिसके बाद सुबह छह बजे से बूंदाबांदी शुरू हुई। गरुड़ और आसपास के क्षेत्रों में भी यही स्थिति बनी हुई है। ठंड बढ़ने के चलते लोगों ने फिर से गर्म कपड़े निकाल लिए हैं और कई जगह अलाव का सहारा लिया जा रहा है। मौसम में इस बदलाव का असर जनजीवन पर भी दिख रहा है और लोग जरूरी कामों के लिए ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।

ज्यादातर इलाकों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने, तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। पर्वतीय इलाकों में 3000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के भी आसार हैं।

ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी
हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में तेज गर्जना, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की संभावना जताई गई है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं और बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

तापमान में गिरावट, बढ़ी ठंड
बुधवार से ही देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहे। धूप नहीं निकलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की सूचना है, जिससे आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

Related posts