गर्मी का मौसम शुरू होते ही बड़े शहरों से अपने गांव-घर जाने वाले यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ने लगती है। इसी भीड़ को देखते हुए मध्य रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। मुंबई और पुणे से उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रमुख शहरों के लिए कुल 176 विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की गई है। इन ट्रेनों का संचालन गोरखपुर और दानापुर के बीच किया जाएगा, जिससे हजारों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
मुंबई-गोरखपुर के बीच चलेंगी 44 विशेष ट्रेनें
मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से गोरखपुर और गोरखपुर से मुंबई के बीच कुल 44 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। ट्रेन संख्या 01079 विशेष गाड़ी 10 मार्च से 31 मार्च तक प्रतिदिन रात 10:30 बजे सीएसएमटी से रवाना होकर तीसरे दिन सुबह 10 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
वहीं ट्रेन संख्या 01080 विशेष गाड़ी 12 मार्च से 2 अप्रैल तक प्रतिदिन दोपहर 2:30 बजे गोरखपुर से रवाना होकर तीसरे दिन रात 12:40 बजे सीएसएमटी पहुंचेगी।
इन ट्रेनों का ठहराव दादर, ठाणे, कल्याण, नाशिक रोड, मनमाड, जलगांव, भुसावल, खंडवा, इटारसी, भोपाल, बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ओरई, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, गोंडा, बस्ती और खलीलाबाद स्टेशनों पर होगा।
इन ट्रेनों में 1 एसी दो टियर, 6 एसी तीन टियर, 9 शयनयान श्रेणी, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी और 2 गार्ड ब्रेक वैन वाले सामान्य डिब्बे लगाए जाएंगे।
एलटीटी-दानापुर के बीच भी रोजाना 44 ट्रेनें
लोकमान्य तिलक टर्मिनस से दानापुर के बीच भी 44 विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। ट्रेन संख्या 01143 विशेष 10 मार्च से 31 मार्च तक प्रतिदिन रात 10:30 बजे एलटीटी से रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:45 बजे दानापुर पहुंचेगी।
ट्रेन संख्या 01144 विशेष 11 मार्च से 1 अप्रैल तक प्रतिदिन रात 9:30 बजे दानापुर से रवाना होकर तीसरे दिन सुबह 7:45 बजे एलटीटी पहुंचेगी।
इन ट्रेनों का ठहराव ठाणे, कल्याण, नाशिक रोड, भुसावल, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा स्टेशनों पर होगा।
इनमें भी 1 एसी दो टियर, 6 एसी तीन टियर, 9 शयनयान श्रेणी, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी और 2 गार्ड ब्रेक वैन वाले सामान्य डिब्बे लगाए जाएंगे।
पुणे-गोरखपुर के बीच 44 दैनिक सेवाएं
पुणे से गोरखपुर के बीच भी यात्रियों की सुविधा के लिए 44 विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। ट्रेन संख्या 01415 विशेष 10 मार्च से 31 मार्च तक प्रतिदिन सुबह 6:50 बजे पुणे से रवाना होकर अगले दिन शाम 4 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
वहीं ट्रेन संख्या 01416 विशेष 11 मार्च से 1 अप्रैल तक प्रतिदिन शाम 5:30 बजे गोरखपुर से रवाना होकर तीसरे दिन सुबह 3:15 बजे पुणे पहुंचेगी।
इन ट्रेनों का ठहराव दौंड कॉर्ड केबिन, अहिल्यानगर, कोपरगांव, मनमाड, भुसावल, खंडवा, इटारसी, रानी कमलापति, बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ओरई, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, गोंडा और बस्ती स्टेशनों पर होगा।
इन ट्रेनों में 1 एसी दो टियर, 5 एसी तीन टियर, 6 शयनयान श्रेणी, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी और 2 गार्ड ब्रेक वैन डिब्बे लगाए जाएंगे।
पुणे-दानापुर के बीच भी 44 विशेष ट्रेनें
पुणे से दानापुर के बीच भी 44 विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। ट्रेन संख्या 01449 विशेष 10 मार्च से 31 मार्च तक प्रतिदिन दोपहर 3:30 बजे पुणे से रवाना होकर तीसरे दिन दोपहर 2:45 बजे दानापुर पहुंचेगी।
ट्रेन संख्या 01450 विशेष 12 मार्च से 2 अप्रैल तक प्रतिदिन सुबह 5 बजे दानापुर से रवाना होकर अगले दिन शाम 6:15 बजे पुणे पहुंचेगी।
इन ट्रेनों का ठहराव दौंड कॉर्ड केबिन, अहिल्यानगर, कोपरगांव, मनमाड, भुसावल, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा स्टेशनों पर होगा।
इनमें 1 एसी दो टियर, 5 एसी तीन टियर, 6 शयनयान श्रेणी, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी और 2 लगेज सह गार्ड ब्रेक वैन डिब्बे लगाए जाएंगे।
बुकिंग की जानकारी
इन सभी विशेष ट्रेनों के लिए विशेष शुल्क के साथ आरक्षण सभी पीआरएस काउंटर और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू कर दिया गया है। वहीं अनारक्षित डिब्बों के लिए टिकट यूटीएस प्रणाली के माध्यम से सामान्य किराए पर उपलब्ध होंगे।
