UP के 5 लोग दुबई में फंसे: प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए गए थे, बुर्ज खलीफा के पास रुके दूल्हा-दुल्हन; PM मोदी से लगाई गुहार

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव का असर अब आम भारतीय परिवारों पर भी पड़ने लगा है। ईरान पर अमेरिकी और इजरायली हमलों के बाद खाड़ी क्षेत्र में हालात बिगड़ गए हैं और कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के दूल्हा-दुल्हन समेत पांच लोग दुबई में फंस गए हैं। उड़ान सेवाएं बाधित होने से उनकी घर वापसी फिलहाल संभव नहीं हो पा रही है।

अप्रैल में होनी है शादी, यादगार बनाना चाहते थे पल

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के निवासी और कोयला कारोबारी अजय जैन ने बताया कि उनके बड़े बेटे प्रिंस जैन (27) की शादी अप्रैल में तय है। शादी को खास बनाने के लिए प्रिंस अपनी मंगेतर पायल जैन (26), छोटे भाई अरिहंत (19), पायल के भाई मोनू जैन (30) और उनकी पत्नी मुस्कान (28) के साथ प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए दुबई गए थे।

परिवार 25 फरवरी को वाराणसी से दिल्ली पहुंचा और 27 फरवरी को दुबई रवाना हुआ। 2 मार्च को उनकी वापसी की फ्लाइट थी, लेकिन मौजूदा हालात के कारण उड़ानें रद्द हो गईं।

बुर्ज खलीफा के पास होटल में ठहरे हैं

अजय जैन के मुताबिक, सभी लोग बुर्ज खलीफा के पास एक होटल में ठहरे हुए हैं। क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव और एयरस्पेस प्रतिबंधों के चलते फ्लाइट संचालन निलंबित कर दिया गया है, जिससे वे निर्धारित समय पर भारत नहीं लौट सके।

भारतीय दूतावास से संपर्क, लेकिन नहीं मिली स्पष्टता

परिवार ने दुबई में भारतीय दूतावास से संपर्क किया। उन्हें संबंधित एयरलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई, लेकिन अब तक वापसी को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।

अजय जैन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है कि वे हस्तक्षेप कर उनके बच्चों और रिश्तेदारों की सुरक्षित और जल्द वापसी सुनिश्चित करें।

मिडिल ईस्ट में जारी संकट के बीच कई भारतीय नागरिकों की उड़ानें प्रभावित हुई हैं। ऐसे में प्रभावित परिवार सरकार से राहत और सुरक्षित निकासी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Related posts