15 मई को सभी महानगरों में, 16-17 को जिलों में व 18 से 23 के बीच तहसील और ब्लाक में होगा आयोजन
लखनऊ। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद अब सेना के शौर्य को सलामी देने के लिए तिरंगा यात्रा निकाली जाएंगी। यह यात्रा प्रदेश के सभी जिला – महानगरों के साथ ही तहसील और ब्लॉक स्तर तक निकलेंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को सुबह 8 बजे पांच कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास से इस यात्रा का शुभारंभ करेंगे। यह तिरंगा यात्रा मुख्यमंत्री आवास से 1090 चौराहे तक जाएगी। इसके लिए भाजपा ने छह सदस्यीय समिति भी गठित की है। तिरंगा यात्रा को भाजपा की जगह गैर राजनैतिक मंच के जरिए पूरे प्रदेश में निकाले जाने का निर्णय लिया गया है।
इसकी रूपरेखा तय कर ली गई है। इसे लेकर मंगलवार को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में एक बैठक भी हुई। तिरंगा यात्राओं का यह सिलसिला बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शुरू किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, उपमुख्यमंत्री द्वय केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक सहित भाजपा और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग मौजूद रहेंगे। 15 मई को यह यात्रा प्रदेश के सभी महानगरों में निकाली जाएगी जबकि जिलों में यात्रा 16 व 17 मई को निकलेंगी।
18 से 23 के बीच तहसील, ब्लाक और विधानसभा स्तर तक तिरंगा यात्रा निकाले जाने की रूपरेखा तय की गई है। इस यात्रा के जरिए सेना के अदम्य साहस को सलामी देने के साथ ही राष्ट्रवाद की भावना को और उभारने का प्रयास होगा। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए तिरंगा यात्रा से समाज के सभी वर्गों सभी वर्गों को जोड़ने का प्रयास होगा।
यह भी पढ़ें : न वर्दी, न पद फिर भी थाने में ड्यूटी कर रहा था लालू