क्राइम ड्रामा की दुनिया में जहां एक ओर ‘मिर्जापुर’ जैसी वेब सीरीज का दबदबा रहा है, वहीं अब एक ऐसी इंटरनेशनल सीरीज और उसकी फिल्म सुर्खियों में है, जिसे रेटिंग और कहानी के मामले में उससे भी आगे माना जा रहा है। नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई फिल्म ‘पीकी ब्लाइंडर्स: द इमॉर्टल मैन’ को IMDB पर 8.7 की दमदार रेटिंग मिली है, जो इसे खास बनाती है।
आज OTT पर रिलीज हुई फिल्म
‘पीकी ब्लाइंडर्स: द इमॉर्टल मैन’ 20 मार्च 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज कर दी गई है। यह फिल्म लोकप्रिय टीवी सीरीज ‘पीकी ब्लाइंडर्स’ की आधिकारिक अगली कड़ी है। इससे पहले यह 6 मार्च 2026 को चुनिंदा सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में सिलियन मर्फी मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं और कहानी वहीं से आगे बढ़ती है, जहां सीरीज खत्म हुई थी।
पहले सीजन से शुरू हुई दमदार कहानी
इस सीरीज की शुरुआत सितंबर 2013 में हुई थी, जिसमें प्रथम विश्व युद्ध के बाद बर्मिंघम लौटे टॉमी शेल्बी और उसके परिवार की कहानी दिखाई गई। बदले हुए सामाजिक माहौल, बढ़ती अस्थिरता और श्रमिक आंदोलनों के बीच शेल्बी परिवार ने अपने साम्राज्य की नींव रखी। धीरे-धीरे यह कहानी सत्ता, अपराध और राजनीति के खतरनाक खेल में बदलती चली गई।
हर सीजन में बढ़ता गया रोमांच
दूसरे सीजन में राजनीतिक साजिशें और एंग्लो-आयरिश संधि के बाद की परिस्थितियां देखने को मिलीं, जहां टॉमी को मजबूरी में सत्ता के लिए काम करना पड़ा। तीसरे सीजन में उसकी शादी और नई जिंदगी की शुरुआत के साथ नए खतरे सामने आए। चौथे सीजन में एक खतरनाक गैंगस्टर की एंट्री ने कहानी को और हिंसक बना दिया, जिसमें परिवार को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा। पांचवें सीजन में 1929 के आर्थिक संकट के बाद की उथल-पुथल और राजनीति के गहरे खेल को दिखाया गया।
क्लाइमेक्स में बड़ा ट्विस्ट
सीजन के अंतिम एपिसोड में कहानी जबरदस्त मोड़ लेती है। टॉमी शेल्बी को अपनी बीमारी का सच पता चलता है और वह एक बड़ी साजिश का शिकार बनता है। इसी दौरान परिवार के भीतर भी सत्ता संघर्ष तेज हो जाता है, जिसमें कई अहम किरदारों की किस्मत बदल जाती है।
मजबूत स्टारकास्ट और निर्देशन
फिल्म का निर्देशन टॉम हार्पर ने किया है, जबकि कहानी स्टीवन नाइट ने लिखी है। इसमें सिलियन मर्फी के साथ कई प्रमुख कलाकार नजर आ रहे हैं, जिन्होंने इस क्राइम ड्रामा को और प्रभावशाली बना दिया है।
रेटिंग में मिर्जापुर से आगे
भारतीय वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ को भी दर्शकों का भरपूर प्यार मिला है और इसकी IMDB रेटिंग 8.4 है। हालांकि ‘पीकी ब्लाइंडर्स’ को 8.7 रेटिंग मिली है, जो इसे इस मामले में आगे खड़ा करती है। खास बात यह है कि ‘मिर्जापुर’ की कहानी पर भी फिल्म बनने जा रही है, जो जल्द बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी।
